एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय में प्राइवेट हॉस्टल में ले जाकर एआई फर्स्ट इयर के छात्र से रैगिंग करने का मामला ठंडा नहीं पड़ा कि अब शिक्षक दिवस कार्यक्रम की रिहर्सल के नाम पर छात्रों की रैगिंग करने का मामला सामने आ गया है। बुधवार को कैंपस में नेहरू भवन के सामने मेकेनिकल फर्स्ट इयर के कुछ छात्र रिहर्सल करते नजर आए। इसकी सूचना पर चीफ प्राक्टर ने प्राक्टर बोर्ड की टीम को भेजा तो पता लगा कि विभाग की बिना अनुमति के ही रिहर्सल कराई जा रही है। कुछ छात्रों ने कहा कि सीनियर ने उनसे रिहर्सल को कहा था। हालांकि प्राक्टोरियल बोर्ड की टीम का मानना है कि इस रिहर्सल के दौरान कुछ सीनियर मौजूद रहे होंगे, जो शिक्षकों के आने पर निकल गए। फिलहाल जूनियर इस मामले में किसी सीनियर का नाम नहीं बता रहे हैं।
चीफ प्राक्टर प्रो. बीआर कुकरेती का कहना है कि इस मामले की जांच करा रहे हैं कि शिक्षक दिवस कार्यक्रम की रिहर्सल किसके कहने से कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की ओर से शिक्षक दिवस का कोई सांस्कृतिक आयोजन नहीं कराया जा रहा है। मेकेनिकल विभाग भी ऐसा कोई आयोजन नहीं करा रहा है। डीन इससे इंकार कर रहे हैं फिर किसी भी तरह की रिहर्सल का क्या मतलब है। वहीं, प्राक्टोरियल बोर्ड की टीम को पिछले कुछ दिनों से स्टेडियम में शिक्षक दिवस के कार्यक्रम की तैयारी के बहाने रिहर्सल के नाम पर कुछ छात्रों की रैगिंग की शिकायत मिल रही थी। इसके बाद से ही कैंपस में निगरानी की जा रही है। कहा जा रहा था कि स्टेडियम में शाम को रिहर्सल के दौरान सीनियर जूनियर छात्रों से डांस कराते हैं। प्राक्टोरियल बोर्ड की टीम अब जूनियर छात्रों से इस बारे में पूछताछ करेगी।
स्टेडियम में सुरक्षा बढ़ेगी
रिहर्सल के नाम पर रैगिंग की बात सामने आने के बाद चीफ प्राक्टर ने सतर्कता बरतते हुए स्टेडियम में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने को सिक्योरिटी आफिसर से कहा है। शाम पांच बजे के बाद अतिरिक्त सुरक्षा कर्मी तैनात करने के निर्देश दिए हैं। प्राक्टोरियल बोर्ड को सूचना है कि पिछले दिनों नवीन छात्रावास में रहने वाले छात्रों को रिहर्सल के लिए शाम को बुलाया गया। वहीं, जूनियर छात्रों को हिदायत दे दी गई है कि वे शिक्षक दिवस समारोह की रिहर्सल में शामिल न हों और उनके साथ कोई सीनियर रैगिंग करे तो तत्काल शिकायत दर्ज कराएं।