लजीज खाना खाने के लालच में स्पर्श लान में पकड़े गए भाई-बहन के खिलाफ बारादरी थाना पुलिस ने चोरी की कोशिश की रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने इनके बारात घरों में चोरियां करने वाले गिरोह से जुड़े होने का शक जताया है। मध्य प्रदेश के रहने वाले इन बच्चों को सोमवार को किशोर जेल भेज दिया गया।
स्पर्श लॉन में रविवार को चंडीगढ़ के एक आईपीएस की बहन की शादी थी, तभी घरवालों ने मेहमानों के बीच दो अनजान बच्चों को खाना खाते पकड़ लिया। पुलिस के आने पर तेरह वर्षीय लड़की और उसके भाई ने बताया कि वह मध्य प्रदेश के राजगढ़ के रहने वाले हैं। उनकी मां सेटेलाइट बस अड्डे पर बैठी हैं। वे लोग यहां फेरी लगाकर कपड़े बेचने आए थे। तलाशी में उनके पास से दो सौ रुपये और एक मोबाइल मिला। मोबाइल पर अंतिम कॉल उनकी मां की थी। पुलिस ने संपर्क करना चाहा, लेकिन मां स्पर्श लान नहीं आई। बारादरी थाने में रिपोर्ट दर्ज होने के बाद लोगों से पता पूछती हुई वह थाने पहुंची, लेकिन तब तब बच्चों को जेल भेजने की तैयारी की जा चुकी थी। पुलिस ने पीड़ित मां को भी थाने में बैठा लिया है।