विलय धाम बड़ा बाईपास के पास सड़क किनारे खड़ी कार को सामने से आ रहे दूध के टैंकर ने टक्कर मार दी। शनिवार दोपहर एक बजे हुई घटना में कार सवार वृद्धा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो महिला समेत कुल चार लोग गंभीर रूप से घायल हैं। जिन्हें शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कार में सवार पांच लोगों का परिवार फरीदपुर से रिश्तेदारी से गमी की होली मिलकर रामपुर लौट रहा था। टैंकर चालक टक्कर मारने के बाद से फरार है, डीएम के आदेश पर मृतका का देर रात पोस्टमार्टम कराया गया है।
मुरादाबाद के मूढ़ापांडे थाना निवासी राजेश कुमार (35) रामपुर के नानकाय स्थित अपनी ससुराल से पत्नी, सास, साली व एक अन्य रिश्तेदार को लेकर फरीदपुर के गांव केसरपुर गए थे। राजेश कुमार की पत्नी सुषमा की केसरपुर में ननिहाल है। सभी रिश्तेदार वहां होली मिलकर शनिवार दोपहर को कार से लौट रहे थे। बताते हैं कि राजेश गाड़ी चला रहे थे, अचानक कार का पहिया पंक्चर हो गया, जिसके बाद उन्होंने विलयधाम के पास बड़ा बाईपास पर सड़क किनारे कार खड़ी कर दी। बताते हैं कि वह कार की स्टेपनी बदल रहे थे। इस दौरान सामने से तेज गति में आ रहे दूध का ट्रैंकर कार में भिड़ गया। घटना में कुल चार घायल राजेश और उनकी पत्नी सुषमा, कुसुमा पत्नी वीरपाल सिंह व विजयपाल पिता ओमकार हैं। तीनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
नवाबगंज में होली के अवसर पर घर आई बेटी को विदा करने गांव की सड़क किनारे खड़ी वृद्धा को अज्ञात वाहन टक्कर मार गया। घायल महिला ने शुक्रवार देर शाम शहर के एक निजी अस्पताल में दम तोड़ा। शव का शनिवार को पोस्टमार्र्टम कराया गया।
घटना नवाबगंज के रतना नंदपुर की है। पोस्टमार्टम हाउस पर परिजनों ने जानकारी दी कि जगदेवी (70) पति स्वर्गीय भागीरथ अपनी बेटी को विदा करने के लिए सड़क किनारे खड़ी थीं। उस दौरान ही अचानक एक बेकाबू गाड़ी महिला को टक्कर मारकर निकल गई। उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां देर शाम उनकी मौत हो गई।