सैलानी में एक सराफ की दुकान में पेंडेंट खरीदने की आड़ में दो ठगों ने 60 ग्राम के जेवर गायब कर दिए। ठगों के जाने के बाद सराफ ने अपना स्टॉक जांचा तो जेवर गायब होने का पता चला। सराफ के मुताबिक सीसीटीवी कैमरे में दोनों बदमाश कैद हो गए हैं। पुलिस ने फुटेज अपने कब्जे में ले ली है। बारादरी थाने में ठगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
सैलानी पर खुशबू ज्वैलर्स के मालिक मुकेश वर्मा 21 मार्च को दुकान पर मौजूद थे। उनके पास एक ग्राहक आया और चार ग्राम सोने का पेंडेंट दिखाने को कहा। सराफ ने मना किया कि उनके पास सिर्फ 2.5 ग्राम के पेंडेंट ही मौजूद हैं तो ग्राहक ने वही दिखाने को कहा। पेंडेंट दिखाने के दौरान एक और व्यक्ति दुकान पर आया। वह काउंटर पर रखे जेवरों से छेड़छाड़ करने लगा। ग्राहक ने एक पेंडेंट पसंद किया और 500 रुपये देकर बाकी रुपया उधार किया। सराफ के मना करने के बाद दोनों लोग एक साथ दुकान से चले गए। उनके जाने के बाद सराफ ने स्टॉक जांचा तो करीब 60 ग्राम के जेवर कम थे।