डग्गामार बस पर चढ़ने की कोशिश में एक साल की बच्ची मां की गोद से छिटकी तो उसी बस के पिछले पहिये के नीचे आ गई। बच्ची की मां और रिश्तेदार मौके पर रोते पीटते रहे और चालक बस लेकर फरार हो गया। पुलिस को बस तो नहीं मिली हालांकि बस मालिक की ओर से मृतक के घरवालों पर आर्थिक समझौते की पेशकश जरूर पहुंच गई। उन्होंने इससे इंकार करते हुए अज्ञात बस चालक के खिलाफ मुकदमा करा दिया।
शेरगढ़ के मोहल्ला डूंगरपुर निवासी लेखराज की पत्नी लालदेई अपनी एक साल की पुत्री सुशीला को लेकर अपनी मां के घर आदलपुर जाने को शेरगढ़ अड्डे पर खड़ी र्हुइं। उनके मामा जयवीर और मामी देवकी भी साथ थीं। बस आते ही मामा मामी बस में चढ़ गये। देवकी बच्ची को गोद में लेकर बस पर चढ़ ही रही थीं कि अचानक चालक ने लापरवाही से बस आगे बढ़ा दी। झटका लगते ही मासूम बच्ची मां की गोद से छिटककर सड़क पर जा गिरी। बस में सवार लोग चीखने लगे। बस बच्ची को रौंदती हुई करीब पचास मीटर दूरी तक चली गई। शोर होने पर चालक ने बस रोकी। बच्ची की मां और मामा मामी विलाप करने लगे। भीड़ जुटनी शुरू हुई। होने लगी। चालक सवारियों को भरकर बस तेजी से थाने के सामने से लेकर फरार हो गया।
सूचना पर एसओ उपेंद्र सिंह ने घटनास्थल का मुआयना किया। बच्ची के माता पिता से तहरीर देने को कहा। लेखराज ने तहरीर में बस संख्या यूपी 15 के /3700 के चालक की लापरवाही से बच्ची को कुचल देने का आरोप लगाया। पुलिस ने मुकदमा कायम कर लिया। इधर, बस मालिक बुंदन शाह ने शेरगढ के एक पेट्रोल पंप पर पीड़ित पक्ष को बुलाकर फैसले के लिए पंचायत की। परिवार के मुताबिक रिपोर्ट न कराने पर चालीस हजार रुपये मुआवजा देने की बात कही गई। बच्ची के घरवालों ने समझौते से इंकार कर दिया।
डग्गामार बसो के खिलाफ करेंगे आंदोलन
भाजपा नेता राघवेंद्र पाठक ने कहा कि इस प्रकरण में पुलिस की घोर लापरवाही रही है। घटना होते ही पुलिस को सूचना दी गई, पर पुलिस काफी देर बाद मौके पर पहुंची। हत्यारा थाने के सामने से बस लेकर फरार हो गया पर पुलिस ने उसे पकड़ना भी नागवार समझा। क्षेत्र के एक नेता की इशारे पर शेरगढ़ को बिना परमिट और कागजात के यह बसें चलती हैं। बस मालिक पुलिस के आंखों के सामने से चार बार गुजरा, फिर भी उसे नहीं पकड़ा। कहा कि डग्गामार बस संचालन के खिलाफ भाजपा आंदोलन चलाकर प्रदर्शन करेगी।
पहले भी हुई घटनाएं
- एक साल पहले शेरगढ़ के गांव सोबरनी में इसी तरह मां की गोद से छिटककर बच्ची सड़क पर गिरी थी और बस ने उसे कुचल दिया था।
- एक साल पहले बहेड़ी के नदेली रोड पर फरीदपुर जाने वाली बस ने रेलवे क्रासिंग के पास एक समोसे के ठेले को टक्कर मार दी, इसमें एक बच्चे की मौत हो गई।
- शीशगढ़ रोड की बस ने बाईपास पर छह माह पहले एक बाइक सवार को टक्कर मार दी थी। इसमें बाइक सवार की मौके पर मौत हो गई थी।
मैं तत्काल घटनास्थल पहुंच गया था। बच्ची के घरवालों ने तहरीर देने में देर की। तहरीर आते ही मुकदमा लिखा गया। बस की तलाश की जा रही है। डग्गामार बसों के खिलाफ अभियान चलायेंगे। - उपेंद्र सिंह, एसओ शेरगढ