In pursuit of the student teacher husband's hair cut
- फोटो : बरेली, अमर उजाला
कोचिंग संचालक पति ने छात्रा के चक्कर में शिक्षिका के बाल काटकर बेइज्जत कर दिया। मुकदमा लिखे जाने के बाद न्यायालय के मीडिएशन से समझौता कराने के बाद शिक्षिका को पति के साथ भेज दिया था, लेकिन रास्ते में ही मारपीट कर उसे गाड़ी से उतार दिया। पीड़िता ने मामले में एसएसपी के शिकायती प्रकोष्ठ के प्रभारी को आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने को तहरीर दे दी है। वहां से मामला महिला थाने को सौंप दिया गया है।
थाना प्रेमनगर के राजेंद्रनगर निवासी शिक्षिका ने बताया कि पति से उनका विवाद चल रहा है। पति ने मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। विरोध करने पर उसके बाल भी काट दिए। उन्होंने मामले में दहेज उत्पीड़न समेत कई धाराओं में प्रेमनगर थाने में मुकदमा दर्ज करा दिया था। न्यायालय में मीडिएशन के दौरान अधिकारियों ने समझौता कराने के बाद उसे पति के साथ भेज दिया था। रास्ते में पति ने मारपीट कर गाड़ी से उतार दिया। उसने मीडिएशन अधिकारियों से मामले की शिकायत की तो उन्होंने फाइल फिर से थाने भेज दी। शिक्षिका का आरोप है कि उनका सात साल का बेटा हार्टमैन पुल के पास स्थित एक स्कूल में पढ़ता है। तीन फरवरी को वह बेटे को लेने के लिए स्कूल गईं तो देखा पति पहले से ही वहां मौजूद थे। उन्होंने बेटे को अपने साथ ले जाने की कोशिश की तो वह जबरदस्ती उसे खींचकर अपने साथ ले जाने लगे। विरोध करने पर सरेआम लात-घूसों से मारपीट शुरू कर दी। पिटाई से उसे कई जगह गुम चोटें आई हैं। चोट के कारण कान से कम सुनाई दे रहा है। शोर मचाने पर लोगों ने इकट्ठा होकर उसकी जान बचाई। भीड़ के दौड़ाने पर आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर भाग गया। शिक्षिका ने बताया कि उसके पति कोचिंग सेंटर चलाते हैं। वहीं, पढ़ने वाली एक छात्रा से उनके संबंध हैं। पता लगने पर विरोध करने के बाद से ही रिश्ते बिगड़ गए। उसे डर है कि पति किसी भी दिन उसके साथ कुछ बुरा कर सकते हैं। उधर, पति ने डीआईजी को दिए प्रार्थना पत्र में पत्नी पर गुंडों से पिटवाने का आरोप लगाया है। पुलिस दोनों पक्षों की छानबीन कर रही है।
शिक्षिका की शिकायत की जांच महिला थाने की एसओ से कराकर कार्रवाई की जाएगी। महिलाओं का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं होगा। इसके अलावा प्रेमनगर पुलिस से भी बात कर उसके मुकदमे में कार्रवाई कराएंगे। - मार्तण्य प्रकाश सिंह, एसपी क्राइम