जंक्शन परिसर में अवैध दुकान लगाने के आरोप में एक रेलवे कर्मी की पत्नी को गिरफ्तार कर लिए जाने पर उसके परिवार के लोगों ने थाना आरपीएफ में हंगामा खड़ा कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि दुकान हटाने गए दरोगा ने महिला से मारपीट की। उरमू नेताओं की सिफारिश पर महिला को जमानत पर छोड़ दिया गया।
सुभाष नगर में रहने वाले रेलवे के पार्सल पोर्टर लालता प्रसाद की पत्नी रेशमा ने स्टेशन के सामने रेलवे कालोनी में चाय की दुकान खोल रखी है। बुधवार सुबह करीब 10.30 बजे जब रेशमा और उनका बेटा आकाश दुकान पर बैठे थे तभी आरपीएफ पहुंच गई। आकाश का आरोप है कि आरपीएफ के दरोगा और तीन-चार सिपाहियों ने दुकान का सामान फेंक दिया। उसकी मां ने विरोध किया तो उन्हें थप्पड़ जड़ दिया और पकड़कर थाने ले गए। आकाश घर पर सूचना दी तो उसके पिता कई अन्य लोगों के साथ आरपीएफ थाने पहुंच गए और हंगामा करने लगे। आरपीएफ इंस्पेक्टर एसएस गंगवार ने उन्हें समझाकर शांत किया। उत्तर रेलवे मजदूर यूनियन के नेता भी आरपीएफ थाने पहुंच गए। उनकी सिफारिश पर रेशमा को जमानत पर छोड़ दिया गया।