डीजीपी एके जैन गुरु जी तरह पुलिस अधिकारियों को जनता से तालमेल बनाकर विश्वास पैदा करने का पाठ पढ़ा गए। उन्होंने बरेली में एसपी सिटी रहने के दौरान अपने अनुभवों को अफसरों के साथ शेयर किया। रामपुर बाग में कोरल मोटर्स के अजय अग्रवाल के यहां हुई डकैती के मुख्य आरोपी को पकड़ने के बावत आईजी से रिपोर्ट मांगी। बोले, आईजी की रिपोर्ट के आधार वह हरियाणा के डीजीपी को पत्र लिखकर देवेंद्र सिंह जाट को पकड़वाकर माल बरामद कराने में मदद कराएंगे।
रविवार को करीब 10.30 बजे पुलिस लाइंस में शुरू हुई बैठक की शुरुआत में डीजीपी ने पुलिस आधुनिकीकरण के लिए मिलने वाले बजट के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वह जब यहां एसपी सिटी थे, यह शहर बरेली शरीफ कहलाता था, लेकिन उस समय भी लोगों ने धर्मस्थल के पास मांस के टुकड़े फेंककर माहौल खराब करने की कोशिश की थी। सिलसिलों के लोगों में भी विवाद हो गया था, लेकिन उन्होंने समझाया तो दोनों ने खुद ही मामला निपटा लिया था। डीजीपी ने समस्याएं पूछीं तो पुलिस अधिकारी ड्राइवरों, पेशकारों की कमी बताने लगे। उन्होंने बताया कि पुलिस विभाग में कंप्यूटर ऑपरेटर न होने से दिक्कतें आ रही हैं। इस पर डीजीपी ने कहा कि सरकार जल्द ही ड्राइवरों की भर्ती करेगी। पेशकारों की समस्या भी निपटाने की कोशिश की जाएगी। कंप्यूटर ऑपरेटरों की भर्ती भी की जाएगी। जो पुलिस कर्मी कंप्यूटर पर काम करना चाहेंगे, प्राइवेट कंपनी के अनुबंध करके उन्हें ट्रेनिंग दिला दी जाएगी। क्राइम कंट्रोल के लिए टीम बनाकर काम करने को कहा। डीजीपी ने कहा कि प्रदेश में सांप्रदायिक स्थिति को सुधारने के लिए एटीएस काम कर रही है। इंटरजोनल अपराधों पर कंट्रोल करने को अधिकारियों में समन्वय जरूरी है। सूचनाएं आते ही कार्रवाई होनी चाहिए। माफियाओं को चिहिन्त करके उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। इस मौके पर आईजी जोन विजय सिंह मीना, डीआईजी आरकेएस राठौर, एसएसपी धर्मवीर यादव, एसएसपी बदायूं सौमित्र यादव, एसपी शाहजहांपुर आरपीएस यादव, एसपी पीलीभीत जेके शाही, एसपी सिटी राजीव मल्होत्रा, एसपी देहात बृजेश श्रीवास्तव, एएसपी बदायूं बालेंदु भूषण सिंह आदि मौजूद रहे।
जन्म दिन पर चावल दान किए
रविवार को डीजीपी एके जैन का जन्म दिन भी था। उन्होंने इस मौके पर मदर टेरेसा की संस्था प्रेम निवास में रहने वाले अनाथ और बुजुर्ग लोगों के लिए चावल दान किए। प्रेम निवास के जिम्मेदार लोगों से मुलाकात करके उन्होंने संस्था की हर संभव मदद का आश्वासन भी दिया।
मूर्ति चोरी पर टीमें लगी हैं
मंदिर से हो रही चोरियां और नेपाल बार्डर से नकली नोटों की तस्करी की सूचनाओं को लेकर डीजीपी बेहद गंभीर हैं। उन्होंने कहा कि पीलीभीत के मंदिर से प्राचीन मूर्ति चोरी हुई है। मथुरा के मंदिर से 200 साल पुरानी मूर्ति चोरी हो गई थी। यह मूर्तियां कीमती समझकर तस्कर चुरवा लेते हैं। उन्हें यह भी पता नहीं होता है कि वह किस धातु की बनी होती है। नेपाल बार्डर से नकली नोटों के आने की खबरें भी आती रहती हैं। हमने एटीएस को लगा दिया गया है। मूर्तियां रिकवर करके घटनाओं का खुलासा होगा।