रिहायशी इलाकों में शराब की दुकानों का विरोध करते हुये लोगों ने जमकर हंगामा किया। पुलिस ने इज्जतनगर थाना की मठ लक्ष्मीपुर, सीबीगंज हाईवे और शास्त्रीनगर में लोगों ने शराब की दुकानों को लेकर चल रहे विरोध प्रदर्शन को शांत करवाया। पुलिस ने दुकानों को बंद करवा दिया। अब दुकान के मालिकों के लाइसेंस जांचने के बाद उन्हें रिहायशी इलाकों से दुकान हटाने के लिये कहा जा रहा है।
इज्जतनगर थाना की मठ लक्ष्मीपुर में वसंत विहार चौराहा पर रविवार सुबह लोगों ने शराब की एक दुकान खुली देखी। यह दुकान पहले मिनी बाईपास पर थी। हाईवे के 500 मीटर के दायरे से शराब की दुकान हटाने के नियम आने के बाद यह दुकान हटकर चौराहा पर आई थी। सुबह से ही लोगों ने इकट्ठा होकर विरोध शुरू कर दिया। इज्जतनगर थाना से पुलिस ने पहुंचकर लोगों को शांत करवाया और दुकान को बंद करवा दिया। इसी तरह सीबीगंज हाईवे पर एक अंग्रेजी शराब और देशी शराब की दो दुकानों को लोगों ने बंद करवाया। यहां भी पुलिस ने पहुंचकर लोगों को शांत करवाया।
प्रेमनगर थाना के शास्त्रीनगर में विपिन अस्पताल के पीछे खुली एक शराब की दुकान का विरोध करते हुये लोग जमा हो गये। लोगों का कहना था कि दुकान का लाइसेंस मठ लक्ष्मीपुर का है, लेकिन यह शास्त्रीनगर में चल रही है। पार्षद की अगुवाई में होने वाले विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस ने पहुंचकर दुकान बंद करवाकर लोगों को शंात करवाया।