युवक की गला रेत कर हत्या करने के बाद उसका शव महानगर के सामने खाली प्लाट में भरे पानी के किनारे फेंक दिया गया। शव फूला हुआ मिलने से माना जा रहा है कि हत्या आठ-दस दिन पहले की गई है। दुर्गंध फैलने के बाद लोगों की सूचना पर पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम को भेजा। युवक के दाहिने हाथ में बड़ा कड़ा होने से उसके सिख होने का अनुमान लगाया जा रहा है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
इज्जतनगर इलाके के पीर बहोरा निवासी इसरार की पीलीभीत रोड पर फर्नीचर की दुकान है। पीलीभीत रोड पर ही स्थित महानगर के सामने बन्नूवाल नगर में एक खाली प्लाट पड़ा है, जिसके चारों तरफ बाउंड्री है। प्लाट में कई जगह गड्ढे हैं, जिनमें पानी भरा हुआ है। मंगलवार सुबह इसरार की दुकान पर काम करने वाला कारीगर शौच करने के लिए इस प्लाट पर गया तो उसे दुर्गंध आई। उसने देखा कि एक युवक का शव औंधे मुंह पड़ा है। शव का आधा हिस्सा पानी में और आधा बाहर था। इसरार द्वारा दी गई सूचना पर एसएसआई नरेश कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। शव को उलट-पलट कर देखा गया तो उसकी गर्दन किसी धारदार हथियार से रेता जाना पाया गया। शव काफी फूल गया था। उसके शरीर पर सिलेटी रंग की टी-शर्ट और मटमैले रंग की पैंट थी। शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ने इसरार की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। बुधवार को शव का पोस्टमार्टम होगा।
00
... तो तिरपाल में लपेटकर लाई गई थी लाश
पुलिस ने युवक के शव के पास ही पड़ा बड़ा तिरपाल जैसा मोटा कपड़ा बरामद किया। इससे लग रहा कि युवक की हत्या कहीं और की गई और शव इसी में लपेटकर लाया गया होगा।
00
युवक की हत्या किसी धारदार हथियार से गला रेत कर की गई है और शव यहां फेंक दिया गया। घटना करीब दस दिन पुरानी होने के कारण शव काफी फूल गया था। दाहिने हाथ में बड़ा कड़ा पहने होने पर युवक के सिख होने का अनुमान है। अज्ञात हत्यारे के खिलाफ मुकदमा लिख लिया गया है। शव की शिनाख्त की कोशिश की जा रही है।
- नरेश कुमार, एसएसआई