कोतवाली इलाके के अय्यूब खां चौराहे के पास रहने वाले मसाला कारोबारी राघवेंद्र कश्यप की चार लोगों ने पिटाई कर दी और कपड़े फाड़ डाले। कार खड़ी क रने को लेकर विवाद हुआ था। पत्नी बचाने आईं तो हमलावरों ने उनके साथ भी अभद्रता कर दी। इसी दौरान हमलावरों की पैरवी करने के लिए व्यापारी कोतवाली पहुंच गए। लेकिन वहां मालूम हुआ कि आरोपियों के खिलाफ एनसीआर दर्ज हो चुकी थी।
बैंग्लोर के रहने वाले राघवेंद्र कश्यप यहां अय्यूब खां चौराहे के पास रहकर करीब आठ साल से मसाले का कारोबार करते हैं। बुधवार की दोपहर को वह कार से घर पहुंचे तो बैट्री कारोबारी की दुकान के पास खड़ी कर दी। बैट्री व्यापारी और उसके साथी इसे लेकर राधवेंद्र से भिड़ गए। कहने लगे कि कार नहीं हटाई तो उसे इसका खमियाजा भुगतना होगा। राघवेंद्र ने विरोध किया तो बैट्री कारोबारी ने अपने तीन अन्य साथियों के साथ राघवेंद्र से मारपीट करनी शुरू कर दी। विरोध करने पर उसके कपड़े फाड़ डाले। पत्नी पूनम घर से पति को बचाने के लिए निकलीं तो उनके साथ भी हमलावरों ने अभद्रता की। पूनम ने आईजी को फोन किया तो पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस पीड़ित पक्ष को कोतवाली ले आई। मामले में चार लोगों के खिलाफ राघवेंद्र ने एनसीआर दर्ज करा दी है। बाद में व्यापारियों की भीड़ कोतवाली पहुंच गई। वह हमलावरों की पैरवी कर रहे थे, लेकिन उन्होंने माहौल देखा तो व्यापारी वापस लौट गए। एसएसआई राम नारायण ने बताया कि मसाला व्यापारी पर हमला करने के आरोपियों के खिलाफ दर्ज एनसीआर की जांच की जा रही है। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मुकदमे में तरमीम कर दिया जाएगा।