फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ऑनर किलिंग की पुष्टि, मिल गया दीपक का भी शव

Thu, 09 Apr 2015 01:43 AM IST
बरेली
विज्ञापन
विज्ञापन
ये ऑनर किलिंग ही थी। जावित्री के बाद उसके प्रेमी दीपक का भी शव बुधवार को गड्ढ़ा खोद कर बरामद कर लिया गया है और लड़की के पिता ने जुर्म कबूल भी कर लिया है। दीपक और जावित्री को तालाब किनारे मिलते देख उसके पिता वीरपाल और चाचा राजेंद्र ने रात को दीपक की ईंट से कुचलकर हत्या की और शव भाखड़ा पुल से फेंक दिया। सुबह दोनों ने रिश्तेदार राजाराम और साथी टेनी की मदद से उसका शव नदी किनारे गड्डे में दफना दिया था। हत्यारोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने गड्ढे में दबाया गया दीपक का शव बरामद कर पोस्टमार्टम कराया।
विज्ञापन

एसओ अखिलेश सिंह यादव ने बताया कि 24 मार्च की रात वीरपाल के घर किराए पर रहने वाले सोनू की पुत्री का नामकरण था, जिसमें दीपक भी दावत खाने गया था। यहां उसकी मुलाकात पहले से परिचित वीरपाल की पुत्री से हुई और दोनों लोग घर से कुछ दूर स्थित तालाब किनारे मिलने चले गए। जावित्री को गायब देख पिता वीरपाल और चाचा राजेंद्र तालाब पर पहुंच गए। दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख उनका खून खौल गया और उन्होंने पहले दीपक की पिटाई की। फिर ईंट से सिर और चेहरा कुचल दिया। इसके बाद सांसें चलती देख दीपक का गला घोंटा। बाद में पोल खुलने के डर से जावित्री की भी बेल्ट से गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्यारोपियों ने बताया कि दीपक की हत्या करने के बाद वह बाइक से बोरी में बंद कर शव को भाखड़ा नदी के पुल पर ले गए और नीचे फेंक दिया, जिसमें वीरपाल के साढू़ राजाराम और साथी टेनी ने सहयोग किया। अंधेरा होने के कारण वह रात में लौट आए और सुबह साढे़ चार बजे पुन: पहुंच कर नदी किनारे गड्ढा खोदकर उसमें दीपक का शव दबा दिया। पुलिस ने हत्यारोपियों की निशानदेही पर शव बरामद करने के बाद पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम में भी सिर की हड्डी टूटने से मौत होना पाया गया। शव काफी सड़ गल गया था, इसलिए कोई अन्य चोट पता नहीं चल पाई। डॉक्टरों ने उसका विसरा भी जांच को भेजा है। एसओ ने बताया कि दीपक के पिता कांता प्रसाद की तहरीर पर चार अप्रैल को दर्ज अपहरण के मुकदमे को हत्या की धारा में तरमीम कर दिया गया है। वीरपाल, राजेंद्र और टेनी को गिरफ्तार कर लिया गया है। चौथे आरोपी राजाराम की तलाश की जा रही है।

000000000000000000000000000

मंडल में तीन और किसानों ने खुदकुशी की
सब हेड
रुहेलखंड में 12 और किसानों की सदमे से हुई मौत
अमर उजाला ब्यूरो
बरेली/ मुरादाबाद/ लखनऊ। बारिश और ओलावृष्टि से बर्बाद फसल देखकर सदमे से मौतों का सिलसिला चल ही रहा है, किसान अपनी जान देने पर भी तुले हुए हैं। बीते चौबीस घंटे में बरेली मंडल में तीन किसानों ने खुदकुशी कर ली। एक ने खुद को गोली मार ली तो दूसरे ने फांसी लगाकर और तीसरे ने सल्फास खाकर जान दे दी। इसके अलावा बरेली जिले में चार और शाहजहांपुर में तीन किसानों की सदमे से मौत हो गई। इस दौरान मुरादाबाद मंडल में भी पांच किसानों की सदमे से मौत हो गई। इन 15 किसानों समेत प्रदेश भर में 41 किसानों की मौत हुई।
विज्ञापन

बरेली के भमोरा के गहरा गांव के 35 साल के माखन लाल सुबह गेहूं की फसल काटने खेत पर गए थे। वहां से घर लौटे तो सल्फास खा लिया। घर वाले बरेली शहर के निजी अस्पताल ले गए मगर बचाया नहीं जा सका। शाहजहांपुर निवासी 45 वर्षीय संजय सिंह फसली नुकसान नहीं सह पाए और उन्होंने बुधवार को हरदोई जिले में अपनी ससुराल में खुद को गोली मार ली। कर्ज में डूबे बदायूं के जरीफनगर थाना क्षेत्र के गांव चिरवारी (संभल जिले का राजस्व गांव) निवासी किसान राजपाल (50) ने फांसी के फंदे पर झूलकर जान दे दी।
इसी दौरान बरेली जिले में ही फरीदपुर तहसील के अमरेख गांव का 50 साल के दफेदार भी बर्बाद फसल का सदमा बर्दाश्त नहीं कर पाए। मंगलवार को सीने में दर्द होने पर तीनों बेटे उन्हें अस्पताल ले गए मगर रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया। सिरौली के केसरपुर गांव के 50 वर्षीय नवी अहमद का 24 बीघा में लगा गेहूं बर्बाद हुआ तो उनकी हालत बिगड़ी और मौत हो गई। आंवला के दिगोई गांव के 62 वर्षीय लल्लू सिंह ने भी बुधवार को दम तोड़ दिया। वह बैंकों के करीब 92 हजार रुपये कर्ज से भी परेशान थे। बिथरीचैनपुर थाने के पदारथपुर गांव के किसान साहबजाद खां की खेत से लौटकर घर आने के बाद मौत हो गई।
शाहजहांपुर जिले के पुवायां क्षेत्र के गांव सबली कटेली में 38 वर्षीय जयराम और मुड़िया कुर्मियात में 50 वर्षीय श्यामा चरण इन दिनों बीमार चल रहे थे। कर्ज मेें डूबे होने के कारण वह अपना इलाज भी नहीं करा पाए। दोनों के परिवार वालों का कहना है कि फसली सदमे के नुकसान से उनकी मौत हो गई। इसी तरह जलालाबाद क्षेत्र के चौक मनोरथपुर गांव में 60 वर्षीय रामाराम सिंह खेत में बरबाद फसल देखकर सदमा बर्दाश्त नहीं कर पाए और बुधवार को उनकी मौत हो गई।
मुरादाबाद मंडल में बुधवार को पांच और किसानों की सदमे से मौत हो गई। संभल में दो, रामपुर के एक किसान की सदमे से मौत हो गई। मुरादाबाद जिले में एक महिला समेत दो किसानों की सदमे से मौत हो गई। मथुरा के गांव तरोली में तो किसान ने खुद को आग लगा ली। आगरा में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। आगरा, फीरोजाबाद और मैनपुरी में फसलों की तबाही से तीन किसानों की जान चली गई। हाथरस में एक किसान ने खेत में फांसी लगाकर जान दी। सासनी के ग्राम निनामई में किसान की सदमे की वजह से जान चली गई। हमीरपुर के तीन, बांदा के दो, चित्रकूट, महोबा, हरदोई और फर्रुखाबाद के एक-एक किसान ने दम तोड़ दिया। प्रतापगढ़ में तीन और किसानों ने जान गंवा दी। लालगंज के मेढ़ावां में एक किसान ने नदी में कूदकर खुदकुशी कर ली। बुलंदशहर जिले में तीन, झांसी के ललितपुर में एक और मथुरा के एक किसान की जान चली गई।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें