घर छोड़कर बरेली में रह रही बदायूं की छात्रा का कहना है कि अब वह कामयाब होकर ही घर लौटेगी। उसे नौकरी की तलाश है, जल्द ही मिल भी जाएगी। उसने फिलहाल मां और परिवार वालों से मिलने से भी मना कर दिया है।
डीआईजी की शिकायत प्रकोष्ठ के प्रभारी इंस्पेक्टर सुशील कुमार त्यागी ने छात्रा की मां के कहने पर उसे फोन करके मां से मिलने को कहा तो छात्रा बोली कि वह अपने परिवार वालों से किसी भी हाल में नहीं मिलना चाहती है। उसे पढ़ना है शादी नहीं करनी है। वह अपने मकसद में कामयाब होने के बाद ही घर लौटेगी। यहां डीआईजी ऑफिस में छात्रा की मां के साथ उसके पिता और बहन-भाई भी आए थे। पुलिस की अब तक की छानबीन में पता चला है कि दोस्त को लेकर विवाद होने पर छोटे भाई ने छात्रा को थप्पड़ मार दिया था। इससे वह बेहद खफा हो गई और घर छोड़ आई। छात्रा की मां का कहना है कि उसकी बेटी ईमानदार है। उसे गुस्सा बहुत आता है। उससे एक बार मुलाकात हो जाए तो बात मान लेगी। कोई मां-बाप यह नहीं चाहता है कि उनकी बेटी खुश न रहे। हम तो उसकी जिंदगी संभालना चाहते हैं। घर से वह छोटी बहन का कुछ जेवर भी ले आई है। सोमवार को वह डीआईजी से मिलेंगे और कर एक बार बेटी से मिलकर समझाने की कोशिश करेंगे।