शेरगढ़ बस अड्डे पर बृहस्पतिवार दिनदहाड़े बाइक पर आए तीन नकाबपोश बदमाशों ने लोन देने वाली कंपनी के दो मैनेजरों से 40 लाख रुपये लूट लिए गए। दोनों मैनेजर एसबीआई की नगरपालिका शाखा से रकम निकालकर बाइक से ऑफिस लौट रहे थे। दोनों को गन प्वाइंट में लेकर बदमाश रुपये से भरे दो बैग छीन ले गए। पुलिस ने पूरे इलाके में नाकेबंदी की और उत्तराखंड बार्डर पर भी वाहनों की चेकिंग कराई लेकिन लुटेरों का सुराग नहीं लगाया जा सका। डीआईजी आरकेएस राठौर और एसएसपी धर्मवीर सिंह भी घटना की जानकारी लेने बहेड़ी पहुंचे।
मोहल्ला महादेव पुरम में मनोज शर्मा के मकान में सैटिन क्रेडिट केयर नेटवर्क कंपनी का ऑफिस है। कंपनी स्वयं सहायता समूहों को लोन देती है। बृहस्पतिवार को 10 समूहों के करीब 140 लोगों को लोन दिया जाना था। कंपनी के एरिया मैनेजर अलीगढ़ निवासी मान सिंह और शाखा मैनेजर बुलंदशहर निवासी दीपक चौधरी दोपहर करीब 12.40 बजे नगर पालिका परिसर स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में पहुंचे। वहां इतनी रकम न होने के कारण कैशियर के साथ बगल में एसबीआई की शाखा में गए। बैंक से 40 लाख रुपये निकालने के बाद उन्हें दो बैग में रखकर एक बजकर 40 मिनट पर दोनों बाहर निकले और बाइक से कचहरी, पंजाबी कालोनी चौराहा, शोखूपुरा, होली चौराहे होते हुए शेरगढ़ रोड के पास बस अड्डे पर पहुंचे। शाखा मैनेजर के मुताबिक बाइक एरिया मैनेजर चला रहे थे। अचानक काले रंग की बाइक आई और उनके आगे तिरछी खड़ी हो गई। बाइक में सवार तीन नकाबपोशों में से एक ने एरिया मैनेजर मान सिंह को गन प्वाइंट पर ले लिया। दूसरा बाइक संभाले रहा जबकि तीसरे ने दीपक चौधरी से पांच लाख रुपयों से भरा बैग छीन लिया। दूसरे बैग में 35 लाख रुपये रखे थे। बदमाशों ने दीपक को गोली मारने की धमकी देकर यह बैग भी उतरवा लिया। इसके बाद तीनों रामलीला मैदान होते हुए नैनीताल रोड से बरेली की ओर भाग गए। उनके ठीक पीछे काले रंग की बाइक भी गई। उसमें एक व्यक्ति सवार था। दोनों ने बताया कि रामलीला मैदान में कैंप कर रहे पीएसी के जवानों से सहायता मांगने गए मगर उन्होंने मदद नहीं की। इसके बाद सौ नंबर डायल कर कंट्रोल रूम को सूचना दी।
इंस्पेक्टर सूबेदार सिंह यादव, सीओ प्रमोद यादव, एसओजी प्रभारी विकास सक्सेना के बाद एसपी देहात बृजेश श्रीवास्तव भी मौके पर पहुंचे। देरशाम डीआईजी आरकेएस राठौर और एसएसपी धर्मवीर सिंह ने भी बहेड़ी पहुंचकर कंपनी के दोनों अधिकारियों से घटना के बारे में जानकारी ली।
कोट
वारदात के बाद इलाके की नाकेबंदी कर दी गई। पुलिस की सभी विंग इसके खुलासे के लिए लगी हुई है। मुकदमा कायम कर लिया गया गया है। जल्द इस वारदात का खुलासा किया जाएगा।
- आरकेएस राठौर, डीआईजी
कंपनी के दोनाें अधिकारियों से पूछताछ चल रही है। अभी इस बारे में ज्यादा कुछ नहीं बता सकते है। पुलिस की टीमें जांच में लगा दी गई है।
-धर्मवीर सिंह, एसएसपी