बरेली। थाना इज्जतनगर से कोर्ट में पेशी के लिए ले जाया जा रहा मुल्जिम कुंवर चंद्र होमगार्ड को धक्का देकर कुतुबखाना के भीड़ भरे बाजार से फरार हो गया। उसे ऑटो में बैठाकर पेशी पर ले जाया जा रहा था। जिस सिपाही को मुल्जिम की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, वह खुद ऑटो में साथ न जाकर अपनी बाइक से साथ में चल रहा था। कुतुबखाना के आगे जिला अस्पताल वाली रोड पर भीड़ का फायदा उठाकर मुल्जिम फरार हो गया। कुंवर चंद्र शाहजहांपुर के बंडा थाना के ररुआ गांव का रहने वाला है। पुलिस की कई टीमें तलाश में लगी हैं। एसएसपी ने ड्यूटी में लापरवाही के आरोप में सिपाही को निलंबित कर दिया है।
बुधवार सुबह दरोगा गजेंद्र सिंह ने बीडीए कॉलोनी (बड़ी बिहार) बग्गा ग्राउंड से कुंवर चंद्र पुत्र लालराम को संदिग्ध हालत में घूमते हुए पकड़कर उसके पास से चाकू बरामद करने के बाद चालान किया था। पुलिस का दावा है कि कुंवर बड़ी बिहार इलाके में किराए पर रहकर आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहता है। सिपाही सतीश कुमार और होमगार्ड विजय कुमार को उसे कोर्ट में पेश करने की जिम्मेदारी दी गई। इसके पहले उसका जिला अस्पताल में मेडिकल कराया जाना था। मुल्जिम के हाथ रस्सी से बांधकर सिपाही ने उसे होमगार्ड के हवाले कर दिया। इसके बाद दोनों को ऑटो रिक्शा में बैठा दिया। वह खुद बाइक से अस्पताल के लिए रवाना हो गए। कुतुबखाना के आगे जिला अस्पताल जाने वाले रास्ते पर कुंवर चंद्र भीड़ का फायदा उठाकर सिपाही के हाथ से रस्सी खींचते हुए ऑटो रिक्शा से कूदकर फरार हो गया। होमगार्ड ने उसका पीछा करने की कोशिश भी की, लेकिन वह भीड़ में गायब हो गया। कुंवर चंद्र के कस्टडी से भागने से घबराए होमगार्ड ने सिपाही को फोन कर मौके पर बुला लिया। दोनों ने काफी देर तक कुंवर चंद्र की तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं लग पाया। एसओ सतेंद्र यादव ने सूचना मिलते ही आला अफसरों को जानकारी दी। वह टीम लेकर खुद ही शाहजहांपुर स्थित उसके गांव रवाना हो गए। एक टीम ने रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस अड्डों पर तलाश की, लेकिन उसके बारे में कुछ पता नहीं लग सका।
पुलिस कस्टडी से मुल्जिम का भागना गंभीर है। ड्यूटी में लापरवाही करने पर सिपाही सतीश कुमार को निलंबित कर दिया गया है। होमगार्ड के खिलाफ भी कार्रवाई के लिए कमांडेंट को लिख दिया गया है।
आरके भारद्वाज, एसएसपी