बिहारीपुर में एक दुकान में मीट पका कर परोसने को लेकर दो समुदायों के लोग आमने-सामने आ गए, जिसके बाद जमकर हंगामा हुआ। बाद में भीड़ के साथ आला हजरत दरगाह से जुड़े कुछ लोगों के बीच में आने से कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया तो दूसरे थानों से भी फोर्स बुला ली गई। एसपी सिटी और सीओ ने खुद मौके पर जाकर लोगों को समझाया तब जाकर मामला शांत हुआ। इस मामले में बाद में कुछ लोगों ने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए मलूकपुर चौकी में भी हंगामा किया। शहर काजी ने भी पुलिस चौकी पहुंचकर नाराजगी जताई।
कोतवाली क्षेत्र के बिहारीपुर मोहल्ले में आला हजरत दरगाह को जाने वाली गली के मोड़ पर नया मार्केट बना है। इसमें फरहान रजा होटल खुला है, जिसके प्रोपराइटर यासीन रजा हैं। पास में ही दूसरे समुदाय के लोगरहते हैं और एक धर्म स्थल भी है। लोगों का कहना था कि होटल में मीट बनने से घरों में बदबू आती है। सप्ताह भर पहले इसकी शिकायत बिहारीपुर चौकी इंचार्ज से की गई थी। उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की तो चार दिन पहले हिंदू संगठन नेताओं के नेतृत्व में कुछ लोग एसएसपी से मिले थे।
बुधवार रात करीब दस बजे वहीं सामने रहने वाले केके मिश्रा ने होटल बंद करने को कहा, जिस पर विवाद बढ़ गया। हंगामा सुनकर कुछ ही देर में दोनों ओर के तमाम लोग आमने-सामने आ गए और नारेबाजी शुरू हो गई। इसका पता लगने पर चीता मोबाइल के सिपाही मौके पर पहुंचे। उन्होंने शांत करने की कोशिश की तो हंगामा करने वाले भिड़ गए। इसका एसपी सिटी समीर सौरभ, सीओ सिटी सिद्धार्थ मिश्रा मौके पर पहुंच गए और कई थानों की पुलिस बुला ली गई। इस बीच केके मिश्रा तो मौके से भाग गया, लेकिन उसके पिता को हिरासत में लेकर कोतवाली भिजवा दिया। फिर अफसरों ने बमुश्किल लोगों के समझाकर शांत किया।
माहौल शांत होने पर एसपी सिटी व सीओ सिटी जाकर मलूकपुर चौकी में बैठ गए। इसके बाद एक पक्ष के लोग तहरीर देने के लिए चौकी गए। उनका आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने होटल से मीट फेंकने का आरोप लगाया। अफसरों ने ऐसी तहरीर लेने से मना कर दिया तो हंगामा होने लगा। इसी बीच भीड़ ने एक रिक्शा चालक को पीट दिया, जिससे दुबारा हंगामा शुरू हो गया। पुलिस ने रिक्शा चालक को मौके से भगाकर शांत किया। इसके कुछ देर बाद शहर काजी मौलाना अशजद रजा खां उर्फ असजद मियां और मौलाना शाहबुद्दीन भीड़ के साथ मलूकपुर चौकी पहुंचे और नाराजगी जताई। तहरीर देने के बाद अशजद रजा खां व शाहबुद्दीन भीड़ समेत लौट गए। देर रात तक मौके पर तनाव को देखते हुए वहां फोर्स तैनात कर दी गई थी।
एक युवक ने शराब पीकर होटल में हंगामा किया था उसके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। दूसरे पक्ष के यासीन की ओर से तहरीर दी गई है, जिसमें तीन-चार लोगों के नाम हैं। इस पर जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। होटल खुलने की पहले शिकायत की गई थी। रही बात होटल बंद कराने की प्रशासन और दूसरे विभाग हैं। मगर कानून व्यवस्था से किसी को खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएग।
- समीर सौरभ, एसपी सिटी