लखनऊ- दिल्ली हाइवे पर सोमवार दोपहर बालीपुर गांव के पास स्कूल वैन और कार की भिड़ंत में एक छात्रा की मौत हो गई और नौ घायल हो गईं। हादसे की खबर मिलते ही चीख पुकार मच गई। घायलों को जिला और मिशन अस्पताल में भर्ती कराया गया। शाम को इलाज के दौरान मिशन अस्पताल में पटेल गर्ल्स इंटर कालेज की छात्रा पारुल रानी (16) की मौत हो गई। दो छात्राओं की हालत गंभीर बनी हुई है। हरुनगला के सरदार पटेल गर्ल्स इंटर कॉलेज की 11वीं की छात्राएं छुट्टी होने के बाद प्राइवेट वैन से घर जा रही थीं। बड़ा बाईपास पर बालीपुर गांव के मोड़ के पास अचानक स्कूल वैन चालक ने कट से वैन मोड़ दी। सामने से तेज रफ्तार आ रही ईको स्पोर्ट्स कार से वैन टकराकर गड्ढे में पलट गई। इससे कार में सवार पांच लोग घायल हो गए। वैन में छात्राओं को गंभीर चोटें आईं। वैन चालक तो मौके से भाग गया। वहां जुटे ने 108 एंबुलेंस बुला ली। हादसे में घायल छात्राओं सोनी, अंशी, पारुल, महिमा, ऐश्वर्या को मिशन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वर्षा, आक ांक्षा व मोनिका को भी हल्की चोटें आई हैं। इनमें केसरपुर गांव निवासी वेद प्रकाश की बेटी पारुल रानी की मिशन अस्पताल में इलाज की दौरान मौत हो गई। मानसी, तेजवती और अंशिका को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनकी हालत ठीक बताई जा रही है। सभी घायल छात्राआें की उम्र 16 से 17 साल के बीच है। हादसे की शिकार कार में दिल्ली का एक परिवार था जिनमें अंजुम, शम्सुद्दीन, रिजवाना, आरिफ को भी चोटें आईं उनका जिला अस्पताल की इमरजेंसी में इलाज करने के बाद छुट्टी दे दी गई। कार चला रहे आरिश ने बताया कि वैन चालक ने अचानक कट से मोड़कर वैन हाइवे पर खड़ी कर दी। जब तक कुछ समझ पाता तब तक टक्कर हो गई।
कार ने बाइक सवार डॉक्टर को रौंदा, मौत
पूरनपुर पीएचसी में थे तैनात, कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी
बरेली/पूरनपुर। अवध विहार कालोनी(डेलापीर) इलाके में रहने वाले पूरनपुर की पीएचसी शिवपुरी में तैनात बाइक सवार डॉक्टर बृजवीर को बेकाबू कार ने रौंद दिया। हादसे में डॉक्टर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा सोमवार शाम को पूरनपुर के उदयकरनपुर के पास उस वक्त हुआ जब बृजवीर अपनी बाइक से बार्ड ब्याय के 23 वर्षीय बेटे को साथ बैठाकर पीएचसी शिवनगर जा रहे थे। सामने से आ रही बेकाबू कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। पुलिस ने दोनों युवकों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि दूसरे युवक का इलाज पीलीभीत में चल रहा है। डॉक्टर का परिवार उनकी अचानक मौत से सदमे में है।
पीएचसी शिवनगर में तैनात डॉक्टर बृजवीर सोमवार शाम सीएचसी पर आयोजित विभागीय बैठक में शामिल होकर बाइक से लौट रहे थे। बाइक की पीछे की सीट पर सीएचसी पर तैनात वार्ड ब्यॉय श्यामू का 23 वर्षीय बेटा संजीव बैठा था। कार की टक्कर से दोनों रोड पर गिर गए, आसपास के लोगों ने जब दोनों को देखा उन्हें सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टर को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। जबकि श्यामू की हालत गंभीर होने पर उन्हें पीलीभीत के लिए रेफर कर दिया गया।
मां का होनहार बेटा चला गया
डेलापीर में अवध विहार कालोनी निवासी बृजवीर के पिता जागन लाल जिला आपूर्ति विभाग में क्लर्क थे। तीन वर्ष पहले ही वह रिटायर हुए। बृजवीर अपने पिता की छह संतानों में सबसे छोटे थे। जागन लाल की पत्नी चंद्रवती देर रात तक बेटे की मौत से अंजान थीं। बेटे का एक्सीडेंट होने की सूचना पर घबराई हुई मां ने बताया कि वह रोज घर से पीलीभीत तक रोडवेज से जाता था। वहां से बाइक से पूरनपुर जाता। सोमवार सुबह दस बजे पीलीभीत जाने को वह घर से निकला था। बृजवीर ने लखनऊ केजीएमसी से एमबीवीएम की पढ़ाई की थी, पूरनपुर पीएचसी में उनकी यह पहली पोस्टिंग थी। उन्होंने बताया कि पढ़ाई के कारण बेटे की शादी नहीं की थी। उनकी पहली तैनाती को एक वर्ष ही हुआ था। बृजवीर के बड़े भाई हरियाणा में इंजीनियर हैं। उनकी चार बहनें हैं। देर रात तक बहने और मां बेटे की मौत से अनभिज्ञ अपशकुन की आशंका से सहमी हुईं थीं।