हाफिजगंज/रिठौरा। पशु तस्करों की दबंगई पुलिस को खुली चुनौती दे रहे हैं। रिठौरा चौकी प्रभारी विशाल प्रताप सिंह ने गाय और बेलों से भरे ट्रक को पकड़ने के लिए बैरियर लगाया तो ड्राइवर उसे तोड़ता हुआ निकल गया। पुलिस के पीछा करने पर तस्कर ट्रक को रिठौरा बाजार में छोड़कर भाग गए। ट्रक में 29 पशु बेहोशी की हालत में मिले। उन्हें नशे का इंजेक्शन देकर भूसे की तरह भरा गया था। गर्मी की वजह से 10 पशुओं की ट्रक में ही मौत हो गई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
बुधवार सुबह करीब चार बजे हाफिजगंज पुलिस को सूचना मिली कि पीलीभीत की तरफ से गाय और बेलों से भरा दस टायरा ट्रक बरेली की ओर आ रहा है। चौकी इंचार्ज रिठौरा विशाल प्रताप सिंह ने ट्रक को पकड़ने के लिए पीलीभीत रोड पर चौकी के सामने बैरियर लगा दिया। ट्रक के ड्राइवर ने स्पीड तेज कर बैरियर तोड़ दिया। यह देख पुलिस के होश उड़ गए। ट्रक का पीछा किया गया लेकिन रिठौरा बाजार में खड़े ट्रक में तस्कर नहीं मिले। पुलिस ट्रक को चौकी ले आई। यहां ट्रक का तिरपाल हटाकर देखा तो इसमें पशु एक दूसरे से बंधे पडे़ थे। आठ बैल और दो गाय दम तोड़ चुकी थीं। 19 पशुआें को पुलिस ने पीलीभीत की गोशाला भेज दिया। एसओ धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि अज्ञात तस्करों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। गाड़ी के नंबर से मालिक को ट्रेस करके उसके खिलाफ भी कार्रवाई होगी।
सेंट्रो कार में तीन पशु बरामद
बरसेर। सिरौली पुलिस ने आंवला की ओर से रामपुर आ रही सेंट्रो कार में नशा देकर भरे गए तीन पशुओं को बरामद किया है। कार रामपुर की ओर जा रही थी। पुलिस ने कार को बघिया चैक पोस्ट पर रोकने का प्रयास किया, लेकिन तस्कर सिरौली के रास्ते मुड़ गए। शाहिदे निवासी बाकरपुर खोल थाना बिनावर बदायूं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दो लोग भाग गए। शाहिदे ने उनका नाम उवैस कुरैशी निवासी हरदिला, थानागंज जिला रामपुर और पप्पू कुरैशी बताया
बाइपास पर पकड़ा गया पशु तस्कर
बरेली। बुधवार को बड़ा बाईपास पर अहलादपुर चौकी के दरोगा अमर सिंह ने टीम के साथ पिकअप को घेरकर उसमें दो पशुओं के साथ सैदपुर चुन्नीलाल के मुस्तकीम को गिरफ्तार क र लिया। उसी के गांव का मुस्तकीम का साथी लंगड़ा नाम का पशु तस्कर पुलिस को चमका देकर भाग गया। मामले में आरोपी के खिलाफ मुकदमा लिखकर पुलिस ने जेल भिजवा दिया है।