Bareilly College women's room Inspector pits student
- फोटो : बरेली, अमर उजाला
बरेली कॉलेज में मंगलवार को बीबीए की परीक्षा के दौरान एक छात्र महिला कक्ष निरीक्षक से भिड़ गया। गाली गलौज करते हुए उसकी ड्यूटी बदलवाने तक की धमकी दे डाली। कक्ष निरीक्षक ने विभागाध्यक्ष से शिकायत की, जिसके बाद मामला शांत हुआ।
मंगलवार को बीबीए की सेमेस्टर परीक्षा चल रही थी। कमरा नंबर 123 में दो अस्थायी शिक्षकों की बतौर कक्ष निरीक्षक ड्यूटी लगी थी। परीक्षा शुरू होते ही बैक परीक्षा देने आए एक छात्र ने महिला कक्ष निरीक्षक पर कमेंट कर दिया। इस पर कक्ष निरीक्षक ने उसे डांट दिया। छात्र गाली गलौज करने लगा। महिला कक्ष निरीक्षक ने विभागाध्यक्ष डॉॅ. राजीव मेहरोत्रा से शिकायत की। उन्होंने परीक्षा कक्ष में जाकर छात्र को फटकारा और मामला शांत करा दिया। जैसे ही वह गए छात्र फिर कक्ष निरीक्षक को हड़काने लगा। धमकी देने लगा कि नकल करने से रोका तो उसकी ड्यूटी हटवा देेगा। इसके बाद दोबारा कक्ष निरीक्षक ने विभागाध्यक्ष से शिकायत की और परीक्षा के बाद कक्ष निरीक्षक ने ड्यूटी पर आने से मना कर दिया।
कमरा नंबर 123 में बैक परीक्षा देने आए छात्र ने महिला कक्ष निरीक्षक से बदतमीजी की। शिकायत मिलने पर छात्र को फटकार लगाई गई। दोबारा ऐसा करेगा तो उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
-डॉॅ. राजीव मेहरोत्रा, विभागाध्यक्ष बीबीए
आउट साइडर्स को खदेड़ने को चला चेकिंग अभियान
बरेली कॉलेज में पिछले दिनों प्रॉक्टर के बोल पर हुए बवाल के बाद मंगलवार को प्रॉक्टोरियल बोर्ड ने प्राचार्य के साथ कैंपस में आउटसाइडर्स को खदेड़ने के लिए चेकिंग अभियान चलाया। पश्चिमी गेट से पूर्वी गेट तक अभियान चला गया। इस दौरान छात्रों के आईकार्ड भी चेक किए गए। वहीं अभियान के बाद पश्चिमी गेट पर प्राचार्य डॉ. सोमेश यादव की छात्रनेता मुस्तफा हैदर के साथ काफी नोकझोंक हो गई। प्राचार्य ने उससे आईकार्ड मांगा, जो वह नहीं दिखा पाया। हालांकि बाद में वह चला गया। प्राचार्य डॉ. सोमेश यादव, डॉ. सुषमा गौंडियाल, डॉ. शैव्या त्रिपाठी ने कॉलेज में अनुशासन व्यवस्था का जायजा लिया। क्रिकेट मैदान देखा। दस आउट साइडर्स को कैंपस से बाहर किया। उनको चेतावनी भी दी कि अगर फिर कैंपस में दिखे तो कानूनी कार्रवाई होगी।