Bareilly College students kick-punches and then moved between the belt
- फोटो : बरेली, अमर उजाला
बरेली कॉलेज में मंगलवार को बीसीए (बैचलर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन) और बीबीए (बैचलर ऑफ बिजनेस एडमिस्ट्रेशन) के छात्राें के बीच लात-घूंसे चले और बेल्ट से भी छात्राें ने एक-दूसरे को पीटा। बीसीए छात्रों की शिकायत पर बीबीए के चार छात्रों को अग्रिम आदेशाें तक सस्पेंड कर दिया गया है। एफआईआर के लिए पुलिस को पत्र भेजा गया है। बताया जा रहा है कि बीसीए छात्राआें के साथ बीबीए छात्रों ने अभद्रता की, जिसका विरोध करने पर बीबीए के छात्रों ने मारपीट शुरू कर दी।
मंगलवार को रोजाना की तरह ही बीसीए और बीबीए विभाग में कक्षाएं चल रही थीं। छात्रों ने बताया कि बीबीए अंतिम सेमेस्टर के छात्र जेपी सिंह और प्रिंस अपने अन्य साथियाें के साथ आए और उन्होंने बीसीए की छात्रा से छेड़छाड़ शुरू कर दी। बीसीए के छात्र उत्कर्ष दीक्षित, अनिकेत और अर्पित पटेल ने इस पर आपत्ति जताई तो बहस होने लगी। बीसीए के छात्रों ने दोनों पक्षाें को शांत कराया। कक्षाएं खत्म होने के बाद जब बीसीए के छात्र विभाग से बाहर निकले तो बीबीए के छात्र अपने साथियाें के साथ उनका इंतजार कर रहे थे, उन्होंने आपत्ति जताने वाले तीनों छात्रों को घेर लिया और मारपीट शुरू हो गई। बेल्ट से एक-दूसरे पर वार किया और लात-घूंसे चले। इससे बीसीए के दो छात्र घायल भी हो गए हैं, उनके आंख व चेहरे पर चोट लगी है। मारपीट की सूचना कैंपस में फैल गई। प्राचार्य डॉ. सोमेश यादव मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कराया। चीफ प्रॉक्टर ने छात्रों के अभिभावकाें को बुलाकर उनसे बातचीत की। घायल छात्रों ने लिखित शिकायत प्रॉक्टर को दी है, इसके बाद उन्होंने बीबीए के चाराें छात्राें प्रिंस वर्मा, जयप्रकाश सिंह, सुमित यदुवंशी, पियूष आर्य को निष्कासित कर दिया है और एफआईआर के लिए पुलिस को चिट्ठी भेजी है।
नशे में बताए जा रहे हैं छात्र
मारपीट करने वाले छात्रों पर आरोप लग रहा है कि वे नशे में थे, इसलिए उन्होंने कक्षा में ही मारपीट शुरू कर दी थी। वहीं, बीसीए छात्रों का कहना है कि उन्होंने अपनी एचओडी डॉ. रोमा से विवाद के बारे में बताया तो उन्होंने छात्राें को भगा दिया।
छात्रों की लिखित शिकायत पर बीबीए के चारों छात्राें को सस्पेंड कर दिया गया है। एफआईआर के लिए पुलिस को भी लिखा है।
- डॉ. एसपी मौर्य, चीफ प्रॉक्टर, बरेली कॉलेज।