आर्मी कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल बीएस नेगी ने बुधवार को यहां पहुंचकर कैंट के सैन्य एरिया में सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न यूनिटों के सैन्य अफसरों के साथ बैठक में सुरक्षा इंतजाम की स्थिति जानने के बाद उनको जरूरी निर्देश दिए।
सेना मुख्यालय मध्य कमान के लखनऊ स्थित मुख्यालय से हेलिकाप्टर के जरिए आर्मी कमांडर सुबह करीब साढ़े 10 बजे शाहजहांपुर रोड स्थित आर्मी एविएशन बेस पहुंचे। यहां से सैन्य स्थलों की सुरक्षा बंदोबस्त का जायजा लेते हुए 6 डिप में उन्होंने आर्मी के एक प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन समारोह को संबोधित किया। इस दौरान सैन्य अफसरों की बैठक में भी उन्होंने सुरक्षा को लेकर जरूरी निर्देश दिए। आर्मी कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल नेगी ने सेना की सिग्नल यूनिट की ओर से तैयार कम्यूनिकेशन सिस्टम टॉवर का परीक्षण भी किया। यह टावर हाल ही में लगाया गया है, जिसके जरिए सेना मोबाइल फोन काल को ट्रेस करने के अलावा लोकेशन भी सर्च कर सकती है। पठानकोट एयरबेस पर आतंकी हमले और कुछ महीने पहले बरेली में एक आईएसआई एजेंट पकड़े जाने के बाद से सेना ने अपने अहम स्थलों की सुरक्षा बढ़ा दी है। बरेली आर्मी एरिया के अहम स्थल आतंकी निशाने पर होने की आशंका से यहां हाईअलर्ट जारी है इसीलिए सेना मुख्यालय यहां पुख्ता इंतजाम चाहता है और इसी के परीक्षण के लिए आर्मी कमांडर यहां आए। आर्मी सूत्रों के मुताबिक, उनके साथ मध्य कमान से तीन अन्य सैन्य अफसर भी थे। करीब दो घंटे यहां रुकने के बाद आर्मी कमांडर हेलीकॉप्टर से ही लखनऊ रवाना हो गए। इस दौरान यहां कड़े इंतजाम किए गए थे। हालांकि आर्मी कमांडर के दौरे को लेकर सेना की ओर से अधिकृत तौर पर कोई भी जानकारी नहीं दी गई।