फेसबुक, ट्विटर जैसी सोशल साइट्स के अलावा व्हाट्सऐप ग्रुप पर अश्लीलता परोसने वाले हदें पार कर रहे हैं। डीएम डॉ. पिंकी जोवल को ही लवली ग्रुप के एडमिन ने अपने ग्रुप से जोड़कर अश्लील पोस्ट डालने की शर्मनाक हरकत कर दी। इससे खफा डीएम ने एडमिन को चिह्नित कराकर उसके खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
बरेली में व्हाट्सऐप ग्रुपों की भरमार है। जो चाहता है ग्रुप बनाकर आला अधिकारियों को जोड़ लेता है। पुलिस और प्रशासन ने भी अपने कई ग्रुप बना रखे हैं। अधिकारी ग्रुप छोड़ भी दें तो फिर जोड़ लेते हैं। मीडिया कर्मियों ने भी तमाम ग्रुप बना रखे हैं। सूचनाओं से ज्यादा उन पर चुटकुले और अन्य सामग्री डाल दी जाती है। डीएम को लवली ग्रुप से एडमिन ने जोड़ लिया। इस ग्रुप के एडमिन का नाम राजू कुर्मी बताया जा रहा है। एडमिन ने डीएम के जुड़े होने पर ग्रुप पर अश्लील पोस्ट डाल दी। इसे लेकर डीएम बेहद खफा हैं। उन्होंने ग्रुप एडमिन को चिह्नित करा लिया है। आरोपी के खिलाफ कार्रवाई होना तय मानी जा रही है। डीएम ने बताया कि उनके सीयूजी पर भी तमाम लोग हाय हैलो लिखकर भेज रहे हैं। कोई गुड मार्निंग लिखकर भेजता है। यह समय की बर्बादी है। काम की सूचना हो तो कोई दिक्कत नहीं। फालतू मैसेज करने से अधिकारियों का समय ही बर्बाद होता है। इसलिए अधिकारियों को हैलो लिखकर मैसेज नहीं किए जाने चाहिए।
ट्विटर पर सक्रिय होंगी डीएम
-शासन का फरमान आने पर डीएम डॉ. पिंकी जोवल ने ट्विटर को अपडेट करने को कहा है। सीडीओ सतेंद्र सिंह को ट्विटर की निगरानी करने की जिम्मेदारी दी जाएगी। ताकि ट्विटर पर आने वाली शिकायतों को गंभीरता से लेकर उन पर कार्रवाई हो सके।