शादी समारोह के दौरान दुल्हन पर तेजाब फेंकने के मामले में हमलावर लड़की के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। चौबीस घंटे छानबीन के दौरान पुलिस के हाथ कुछ ऐसे सबूत मिले हैं, जो एकतरफा प्यार की ओर इशारा कर रहे हैं। राहुल व अंजना की शादी को लेकर कोई तीसरा नाराज था, जिससे दुल्हन पर तेजाब से हमला किया या कराया गया। इस घटना के खुलासे को सीओ सिटी प्रथम के नेतृत्व में तीन टीमें काम कर रही हैं।
शुक्रवार रात कैंट थाना क्षेत्र के सदर बाजार स्थित युगवीणा में राहुल सिंह और अंजना की शादी थी। राहुल चनेहटा में रहने वाले रिटायर हवलदार मदन सिंह का बेटा है। अंजना कैंट निवासी रिटायर सूबेदार शंकर सिंह वोरा की बेटी हैं। रात में दस बजे बाराती बारातघर के गेट पर पहुंची थी। लड़की वाले दूल्हा और बारातियों के स्वागत में लगे थे। दुल्हन अपनी बूढ़ी नानी के साथ बारातघर के एक कमरे में बैठी थी। उसी दौरान दुल्हन पर तेजाब फेंक दिया गया। तेजाब फेंकने वाली लड़की थी, जो कमरे का दरवाजा बाहर से बंद करके फरार हो गई। एक निजी अस्पताल में इलाज के बाद शादी की रस्में पूरी की गईं। शनिवार सुबह विदा होकर दुल्हन ससुराल चली गई। अंजना के पिता शंकर सिंह की तहरीर पर थाना कैंट में आईपीसी की धारा 326 (ए) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। इस घटना के खुलासे को कैंट पुलिस, सर्विलांस और महिला थाना पुलिस को लगाया गया है।
छानबीन के दौरान पुलिस को कुछ क्लू मिले हैं। पुलिस को मिली पर्ची में लिखे शब्दों से एकतरफा प्यार का मामला लगता है। कोई तीसरा पक्ष इस शादी के खिलाफ था। उसने शादी का रिश्ता तुड़वाने के इरादे से एसिड अटैक कराया।
मेहमान बनकर बारातघर में घुसी हमलावर
बारातघर में शादी समारोह के दौरान मेहमानों के बीच दो लड़कियां देखी गई थीं। इनमें एक की उम्र 15-16 वर्ष और दूसरी 20- 21 साल की होगी। दोनों इधर-उधर कमरों में जा रही थीं। तेजाब डालने वाली लड़की का रंग कुछ सांवला था। उसने दुल्हन से कहा था कि दीदी आप बहुत सुंदर लग रही हो। मैं आपकी कुछ मदद कर सकती हैं। दुल्हन ने अपनी बहन को बुला देने को कहा। कुछ देर बाद वही लड़की दुबारा दुल्हन के कमरे में पहुंची। दुल्हन की तरफ देखकर मुस्कराई और तेजाब से हमला कर दिया। वीडियो कैमरा के सामने आने पर लड़कियां अपना चेहरा छिपा ले रही थीं। दुल्हन अंजना का कहना है कि उसने हमलावर लड़की को इससे पहले कभी नहीं देखा था। हमला क्यों किया गया वह खुद नहीं समझ पा रही है?
मोबाइल टावर से क्लू तलाश रही पुलिस
पुलिस ने मोबाइल टावर के जरिए हमलावर तक पहुंचने की कोशिश में है। शुक्रवार रात युगवीणा बारातघर की लोकेशन पर किन नंबरों पर बार-बार बात हुई। पुलिस का मानना है कि हमलावर लड़कियों को किसी ने भेजा होगा। भेजने वाले व्यक्ति ने मोबाइल पर लड़कियों से बार-बार बात की होगी।
पुलिस ने मांगी वीडियो रिकार्डिंग
बरेली। युगवीणा बारातघर में सीसी टीवी कैमरे नहीं हैं। सुरक्षा गार्ड भी नहीं हैं। पुलिस का मानना है कि समारोह के दौरान बनाई गई वीडियो फिल्म में हमलावर लड़कियों के फोटो आए होंगे। शनिवार को पुलिस ने लड़का और लड़की दोनों पक्षों के फोटोग्राफरों से पूछताछ की। दोनों ओर के फोटोग्राफर से वीडियो रिकार्डिंग ले ली है। इसे पुलिस पहले खुद देखेगी और इसके बाद दोनों परिवारों को दिखाई जाएगी। इससे हमलावर लड़कियों की शिनाख्त की जा सकेगी।
पति के साथ अस्पताल गई दुल्हन
बरेली। एसआरएमएस में इलाज के बाद शुक्रवार रात ढाई बजे दुल्हन को दुबारा युगवीणा ले जाया गया। जहां शुभ मुहूर्त के हिसाब से शादी की रस्में पूरी की गईं। शनिवार सुबह दुल्हन पक्ष ने दूल्हा और बारातियों की विदा की। ससुराल पहुंचने के तुरंत बाद दुल्हन को सीतापुर अस्पताल ले जाया गया। दूल्हा राहुल सिंह, सास-ससुर, दुल्हन के माता-पिता और कई रिश्तेदार साथ गए।
विशेष चुनरी ने बचा लिया
बरेली। घटना के समय अंजना विशेष चुनरी ओढ़े थी। हमला होने पर दुल्हन ने चेहरा एक तरफ घुमा लिया, जिससे तेजाब चुनरी और लहंगे पर गिरा। तेजाब से चुनरी व लहंगा जल गए, लेकिन दुल्हन ज्यादा झुलसने से बच गई। चुनरी से टपका तेजाब आंखों में पहुंच गया।
कम हो गई अंजना की आंखाें की रोशनी
एसिड अटैक से अंजना वोहरा की आंखों की रोशनी कम हो गई है। तेजाब की वजह से उसकी पुतली में सूजन आ गई है। रेटिना में भी दिक्कत है। हालांकि नेत्र विशेषज्ञाें का कहना है कि जल्द ही अंजना की आंख में सुधार हो जाएगा। अभी उसकी आंखों की रोशनी बीस फीसदी है। इसके बाद लड़की को त्वचा रोग विशेषज्ञ के पास ले गए। जयमाल से ठीक पहले दुल्हन बनी अंजना के कमरे में अचानक पहुंचकर लड़की ने उसके चेहरे पर तेजाब फेंका था। शुक्र था कि उसके चेहरे को कुछ नहीं हुआ। लेकिन आंखों में तेजाब के जाने की आशंका है। इससे दुल्हन की आंख नीली हो गई। शनिवार को अपने परिवार के साथ अंजना सीतापुर आंख का अस्पताल पहुंची। यहां नेत्र विशेषज्ञ डॉ. सिद्धू ने पूरी जांच की। नेत्र दृष्टि भी करीब 20 फीसदी है। डॉ. सिद्धू ने बताया कि तेजाब आंखों के लिए काफी खतरनाक है। यह कार्निया को खराब करती है। उन्होंने बताया कि तीन दिन के बाद स्थिति साफ होगी कि दवाआें ने कितना असर किया। उसे एडिमा के साथ एंटीबायोटिक और स्टेरॉयड भी दी गई है। सोमवार को दोबारा बुलाया है। डॉ. कहते हैं कि अगर ज्यादा इफेक्ट नहीं पड़ा तो कार्निया की ग्राफ्टिंग करनी पड़ सकती है। त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. वीके चावला ने भी लड़की का इलाज कर दवा लिख दी है। डॉ. चावला ने बताया कि अंजना की दिक्कत को जल्द ही कवर कर लिया जाएगा।