A car parked and a bike was parked in the lobby in the lobby
- फोटो : बरेली, अमर उजाला
महानगर के एक मकान की लॉबी में खड़ी कार और बाइक अचानक लगी आग से जल गई। आग से यहां लगा बिजली का बोर्ड और वायरिंग भी जल गई। लॉबी में रखा काफी सामान भी जलकर राख हो गया और फर्श दहल कर चटक गया। सामने रहने वाले पड़ोसियों के शोर मचाने पर अंदर सुबह के समय नहाने की तैयारी कर रहे बच्चों को लेकर दंपति ने घर से भागकर जान बचाई।
महानगर निवासी शाहिद हसन खां अमेरिका की एक ऑयल रिफायनरी कंपनी में जॉब करते थे। वह पिछले दस साल पहले अमेरिका से चले आए थे और यहां मकान बनाकर अपने बच्चों के साथ रहते हैं। परिवार में पत्नी रूबी के अलावा सात साल का बेटा तकी खान, पांच साल का बेटा नवाज है। उनकी कार और बाइक घर की लॉबी में खड़ी थी। रविवार सुबह करीब दस बजे कार में आग लग गई। आग से पूरी कार जल गई। पास में ही खड़ी बाइक भी राख हो गई। आग की लपटे इतनी तेज थी कि उससे पत्थर का फर्श भी चटक गया। सामने रहने वाले लोगों ने शोर मचाया तो अंदर शाहिद हुसैन को इसकी जानकारी हुई। सुबह के समय उनके बच्चे बाथरूम में नहा रहे थे। दंपति नहाते बच्चों को लेकर घर से बाहर जान बचाते हुए भागे। आग से उनका काफी नुकसान हो गया। फायरब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग को बुझाया। इससे परिवार काफी दहशत में है।