बरेली। चोरी होने के बाद गली में जुआ खेलने से रोका तो गुस्साए जुआरियों ने पल्लेदार पर फायर कर दिया, जिसमें वह बाल-बाल बचा, लेकिन कुछ छर्रे उसके जूते पर जा लगे। इसके बाद आरोपियों ने उसे तमंचे की बट से पीटकर घायल कर दिया। पल्लेदार की शिकायत पर बारादरी पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। सभी आरोपी घर से फरार हैं।
बारादरी क्षेत्र के संजयनगर निवासी रामवीर दुर्गानगर में पल्लेदारी करते हैं। रामवीर ने बताया कि जिस दुकान पर वह काम करते हैं कुछ दिन पहले वहां से पांच धान के कट्टे चोरी हो गए थे। उन्हें गली में जुआ खेलने वाले युवकों पर था। शुक्रवार को उन्होंने गली में जुआ नहीं खेलने दिया। इसी रंजिश में घर लौटते वक्त एक अज्ञात बाइक सवार ने उन्हें रोक लिया। पीछे से एक बिना नंबर की कार आकर रुकी। उसमें से उतरे दुर्गानगर के शिवम सिंह, संजयनगर के राहुल और अज्ञात बाइक सवार ने उन्हें पीटना शुरू कर दिया। वहीं उनका साथी वीर सावकरनगर निवासी सुमित कार में बैठा रहा। बाद में शिवम के कहने पर कार में बैठे सुमित ने उन पर फायर झोंक दिया। रामवीर ने बताया कि वह बच निकले, लेकिन कुछ छर्रे उनके जूते में लग गए। भागने की कोशिश की तो चारों ने उन्हें असलाह की बटों से पीटा। शोर सुनकर भीड़ इकट्ठी हुई तो आरोपी भाग निकले।
आरोपियों के परिजन समझौते का बना रहे दबाव
रामवीर ने बताया कि जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद आरोपियों के परिजन समझौते का दबाव बनाने के लिए उनके घर आ रहे हैं। कई धमकी भरे फोन भी उन्हें आ चुके हैं। एक आरोपी की मां और जीजा ने तो उनसे रुपये लेने तक की बात कही।