बरेली। देहात पुलिस के टारगेट पर भले ही पशु तस्कर हो, लेकिन शहर में गोवंशीय पशुओं के अवैध कटान के ठिकानों पर कार्रवाई से पुलिस कतरा रही है। जिसका फायदा पशु तस्कर उठा रहे हैं। सीबीगंज के तिलियापुर में पशुओं की अवैध कटान बदस्तूर जारी है। कैंट के ठिरिया निजावत खां में अवैध स्लाटर हाउस में भी पशुओं की अवैध कटान किसी से छिपी नहीं है। अब एसएसपी मुनिराज जी. ने शहर में भी ताबड़तोड़ कार्रवाईयों के लिए एसपी सिटी अभिनंदन को निर्देश जारी किए हैं।
इसके अतिरिक्त, देहात पुलिस के रिकार्ड में फरार चल रहे पशु तस्करों को पकड़ने के लिए जिले के सभी 29 थानों की पुलिस अपना रिकार्ड साझा कर रही है। पुलिस कार्रवाई में प्रकाश में आए 209 पशु तस्करों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज है, लेकिन वह दूसरे थाना क्षेत्रों में रहकर धंधा करने लगे हैं। लिहाजा न तो उनकी गिरफ्तारी ही हो पा रही है और न ही उनकी गतिविधियों की निगरानी। जिले में 323 पशु तस्करों को मुचलका पाबंद भी किया गया है। इनमें सर्वाधिक नवाबगंज, फरीदपुर, मीरगंज, आंवला और बहेड़ी के हैं। वहीं शहरी क्षेत्र में होने वाली अवैध कटान पर कार्रवाई नहीं हुईं हैं।
तिलियापुर, ठिरिया निजावत खां में अवैध कटान को रोकने के लिए एसपी सिटी को बोला गया है। पशुओं की अवैध कटान नहीं होने दी जाएगी। - मुनिराज जी. एसएसपी बरेली