फरीदपुर। पत्नियों की भैया दूज कराने गए दो भाइयों के घरों से चोरों ने करीब दस लाख रुपये का माल चोरी कर लिया। सूचना पर सीओ और इंस्पेक्टर ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। कोतवाली में घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
मोहल्ला परा निवासी रवि और विनय भुता के ग्राम भिटौरा के मूल निवासी हैं। दीपावली पर परिवार भिटारा गया था। शुक्रवार देर शाम लौटे तो रवि पत्नी को लेकर अपनी ससुराल ग्राम रतनपुर थाना कटरा चले गए। वहीं विनय अपनी पत्नी प्रियंका को लेकर ससुराल ग्राम बरखेड़ा में भैया दूज कराने चले गए। इनके तीसरे भाई राजेेश का घर भी बराबर में है। वह अपने घर के अंदर वाले कमरे में सो गए। रात में किसी समय चोरों ने रवि तथा विनय के मकानों का ताला तोड़कर करीब नौ लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया। इसके अलावा दोनों घरों से करीब एक लाख रुपया भी लेे गए। शनिवार सुबह जब पड़ोसी ऋषिपाल ने गेट खुला देखा तो राजेश को उठाकर पूछा कि क्या तुम्हारे भाई रवि और विनय आ गए हैं। राजेश ने इंकार किया तो ऋषिपाल ने बताया कि मेन गेट का ताला खुला पड़ा है। तब चोरी का पता लगा। राजेश ने गांव में सूचना दी तो दोनों भाई घर पहुंचे।
बल्ब चोर सीसीटीवी में कैद
फरीदपुर। साहूकारा में करीब पंद्रह दिन पूर्व दुकान का ताला तोड़कर करीब पंद्रह लाख रुपये लूट लिए गए थे। इसके बाद पुलिस पिकेट बढ़ा दी गई थी और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम कर दिए थे। दिवाली पर साहूकारा के सभासद ने सजावट के मोहल्ले में बहुत सारे बल्ब लगवाए थे। शुक्रवार रात करीब पौने दस बजे एक चोर बोरी लेकर आया और पोल पर लगे बीस बल्ब चोरी करके चला गया। उस समय मोहल्ले में खासी चहल पहल भी थी। बल्ब चोरी होने पर घरों के बाहर की सीसीटीवी फुटेज देखी गई तो चोर इसमें कैद हो चुका था। इसे पुलिस को सौंप दिया गया है। वहीं मोहल्ला परा में चोरों ने एक बार फिर स्ट्रीट लाइट की तीन बैटरी चोरी कर लीं।