मंत्री चेतन चौहान बनकर एडीजी प्रेमप्रकाश को कॉल करने वाले बदायूं जिले की बिसौली तहसील अंतर्गत गांव रतनपुर कोठी निवासी ट्रक ड्राइवर देवराज को बरेली कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में उसने बताया कि अपने चाचा मनोज के कहने पर उसने एडीजी को फोन किया था।
चार जुलाई को एडीजी प्रेमप्रकाश के फोन पर एक कॉल आई। उधर से कहा गया कि माननीय मंत्री चेतन चौहान बात करेंगे। इसके बाद फोन करने वाले ने दूसरे व्यक्ति को फोन थमा दिया। फोन पर दूसरी ओर मौजूद व्यक्ति ने खुद को मंत्री बताया और एडीजी को आईजी कहकर संबोधित किया। उस व्यक्ति ने कहा कि बदायूं से मनोज आपसे मिलेंगे, उनकी समस्या का समाधान करा देना। इस मामले में कोतवाली में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ चौकी चौराहा इंचार्ज प्रीति पवार की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई। कॉल डिटेल निकलवाने के बाद कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार को फोन करने वाले देवराज को गिरफ्तार कर लिया। उसने बताया कि चाचा मनोज का पड़ोसियों से विवाद रहता था, इसलिए चाचा के कहने पर उनके फोन से ही उसने एडीजी को कॉल की थी। पुलिस अब मनोज को तलाश रही है।