बरेली। बीसलपुर रोड स्थित स्कूल से पांचवीं के छात्र को फीस जमा न होने की बात कहते हुए प्रबंधन ने बैग जमा करके घर भेज दिया। पानी की बोतल और लंच बॉक्स थमाकर फीस जमा न होने तक स्कूल न आने को कहा। छात्र के पिता ने साल भर की फीस पहले ही जमा होने का दावा करते हुए बिथरी चैनपुर थाने में स्कूल प्रबंधन के खिलाफ तहरीर दी है।
भुता के भगनपुर गांव के किसान पुष्पेंद्र पटेल का बेटा शिवांश बीसलपुर रोड के स्कूल में कक्षा पांच का छात्र है। पुष्पेंद्र ने बताया कि बुधवार को बेटा घर लौटा तो काफी उदास था। बताया कि स्कूल में उसका बैग जमा करा लिया गया है। सिर्फ लंच बॉक्स और बोतल देकर स्कूल बस से घर वापस भेज दिया। पुष्पेंद्र के मुताबिक, उन्होंने पूरे साल की फीस इकट्ठी जमा कर दी थी। अब कोई बकाया नहीं है। इसके बावजूद स्कूल वालों ने ऐसा किया जबकि स्कूल का व्हाट्सएप ग्रुप है, डायरी में भी नोट दिया जाता है। अगर कोई समस्या थी तो अभिभावकों को अवगत करा सकते थे। मगर बच्चे को सीधे घर भेज दिया।
दो सौ बच्चों की फीस नहीं जमा हैं। पेरेंट्स को फोन करके बुलाया जा रहा, लेकिन वह नहीं आ रहे। जबकि हमारी फीस भी कम है। ऐसा हो सकता है कि बच्चे का बैग रख लिया गया हो और पेरेंट्स को बुलाकर लाने को कहा गया हो, लेकिन फीस जमा होने पर भी बच्चे का बैग जमा कराने का मतलब ही नहीं बनता। फिलहाल ऐसी कोई बात हमारे यहां नहीं हुई। - प्रिंसिपल