बरेली से सवारियों को लेकर लखीमपुर खीरी जा रहा पिकअप बीसलपुर मार्ग पर बिलसंडा सीएचसी के पास पेड़ में जा टकराई, जिससे दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 घायल हो गए। मरने वाले आपस में साले-बहनोई बताए जा रहे हैं। हादसा ओवरलोडेड पिकअप से सांड़ के टकराने से हुआ। सूचना पर पहुंची बिलसंडा पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं हादसे के बाद पिकअप चालक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। मरने वाले युवक और घायल लखीमपुर खीरी के निवासी हैं जबकि चालक बदायूं जिले का रहने वाला है।
बदायूं जिले के बिसौली निवासी रेहान पिकअप चलाते हैं। सोमवार देर रात वह बरेली रेलवे स्टेशन से सवारियां लादकर लखीमपुर के गोला गोकर्णनाथ जाने के लिए निकले थे। पिकअप में करीब 22 लोग सवार थे। बीसलपुर-बिलसंडा मार्ग पर मंगलवार तड़के करीब सवा दो बजे तेज रफ्तार पिकअप सीएचसी बिलसंडा के पास पहुंचते ही सड़क पर बैठे सांड़ से टकरा गई। इसके बाद असंतुलित होकर सड़क किनारे लगे पेड़ से जाकर टकरा गई। हादसे में पिकअप सवार फूलबेहड़ (लखीमपुर खीरी) के ढकरा गांव निवासी 40 वर्षीय जसकरन और फरधान थाना क्षेत्र के गूंगेपुर गांव निवासी 20 वर्षीय आशीषकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 15 लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर बिलसंडा पुलिस मौके पर पहुंची। आननफानन में घायलों को सीएचसी भर्ती कराया गया। शवों की शिनाख्त कर परिजनों के आने के बाद पुलिस ने उनको पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष मनोज कुमार त्यागी ने बताया कि ओवरलोड पिकअप तेज रफ्तार में थी। इसी से हादसा हुआ। चालक रेहान को हिरासत में ले लिया गया है। उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
ये है घायल
हादसे में पिकअप सवार फूलबेहड़ (लखीमपुर खीरी) के ढकरा गांव निवासी जसकरन (40) और फरधान थाना क्षेत्र के गूंगेपुर गांव निवासी आशीष(20) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि गूंगेपुर (फरधान) निवासी छोटे (35), बाल गोविंद (50), राम तिवारी (30), झकरा (फूलबेहड़) निवासी दीनदयाल (22), क मेश (25), राजू (23), रामू (38), दयाराम (28), भुल्लन गांव निवासी सद्दाम अली (38), आबिद हुसैन (30), रसूलापनाह (गोला) निवासी रियाजुद्दीन (45), समीमुद्दीन (35), मुश्ताक अली (40), रोजा अली (55), बड़ागांव निवासी दिलीराम (37) घायल हो गए।