होटल पर पलटा अनियंत्रित ट्रक, दो भाइयों की मौत
- फोटो : लखीमपुर खीरी, अमर उजाला
खीरी टाउन (लखीमपुर खीरी)।
अचानक टायर फटने से अनियंत्रित हुआ एक ट्रक नकहा चौराहा के पास एक होटल पर पलट गया, जिससे उसके भीतर पड़े एक ही तख्त पर सो रहे इसी थाना क्षेत्र के गांव मंझरा गौढ़ी निवासी 18 वर्षीय सूरती प्रसाद और उसके छोटे भाई रामसहारे की ट्रक के नीचे दबकर मौत हो गई। सूचना पर एसओ आलोक मणि त्रिपाठी मौके पर पहुंचे। उन्होंने आननफानन में ट्रक को सीधा कराकर शव बाहर निकलवाए। पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम को भेजे हैं।
हादसा बुधवार की रात करीब ढाई बजे के बाद पीलीभीत-बस्ती हाईवे पर स्थित नकहा चौराहा के पास हुआ। थाना खीरी क्षेत्र के नकहा में बुधवार की रात देवी जागरण हो रहा था। गांव मंझरा गौढ़ी निवासी सूरती प्रसाद अपने छोटे भाई राम सहारे के साथ जागरण देखने गया था। वहां से दोनों रात करीब एक बजे लौटे और नकहा चौराहा पर स्थित रामनरेश के होटल में पड़े तख्त पर सो गए। इसी बीच मूंगफली लेकर बहराइच की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक का अगला बायां टायर तेज धमाके के साथ फट गया। इससे अनियंत्रित हुआ ट्रक होटल पर पलट गया। हादसे में तख्त पर सो रहे दोनों भाईयों की ट्रक के नीचे दबकर मौत हो गई। पास में खड़ी गांव के चौकीदार की बाइक भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। तेज धमाका होने पर आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। होटल पर पलटा ट्रक देखकर चीखपुकार मच गई।
सूचना पर एसओ आलोक मणि त्रिपाठी, चौकी इंचार्ज नकहा कल्लू सिंह भी मौके पर पहुंचे। एसओ ने क्रेन बुलाकर आननफानन में ट्रक को सीधा कराया। दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिए। हादसे के बाद से ट्रक चालक फरार है।
घटना काफी दुखद है। ट्रक को क्रेन से हटवाकर निकाले गए दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
- आलोक मणि त्रिपाठी, एसओ, थाना खीरी