बरेली कॉलेज की छात्रा की फेसबुक पर एक युवक से दोस्ती के बाद उसके मोबाइल पर गंदे मैसेज आने लगे। घबराई छात्रा ने मोबाइल पर नंबर ब्लॉक किया तो शोहदा नंबर बदल-बदलकर मैसेज भेजने लगा। छात्रा ने शनिवार को एसपी सिटी रोहित सिंह के सामने मोबाइल के मैसेज दिखाकर कार्रवाई की गुहार लगाई। एसपी सिटी ने किला पुलिस को शोहदों को ट्रेस कर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
किला क्षेत्र की युवती बरेली कॉलेज से बीकॉम कर रही है। पीड़िता ने बताया कि कुछ दिन पहले फेसबुक पर उसकी दोस्ती एक युवक से हुई थी। उसका साथी भी फेसबुक से जुड़ गया। पीड़िता के व्यक्तिगत मैसेज बाक्स में दोनों युवक अश्लील मैसेज भेजने लगे। प्रोफाइल से मोबाइल नंबर हासिल कर मोबाइल पर कॉल और मैसेज आने लगे। छात्रा ने फेसबुक के अलावा उनके मोबाइल नंबर भी ब्लॉक कर दिए, लेकिन दोनों नंबर बदलकर मैसेज करने लगे। छात्रा परिवार को शोहदों के बारे में बताकर शनिवार को एसपी सिटी कार्यालय पहुंची और तहरीर सौंप दी। एसपी सिटी के मुताबिक, दोनों युवक छात्रा के कॉलेज में ही पढ़ते हैं। अब किला पुलिस दोनों की लोकेशन ट्रेस कर रही है।