बिजनौर के ध्यानार्थ ---
पत्नी के टांके कटवाकर लौट रहे पति की कार पलटने से मौत
भोजीपुरा में बड़ा बाईपास पर हुआ हादसा, दो लोग घायल
अमर उजाला ब्यूरो
बरेली। भोजीपुरा इलाके में बड़ा बाईपास पर शुक्रवार को कार पलटने से बिजनौर के एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। मृतक अपनी कैंसर पीड़ित पत्नी को आपरेशन के बाद टांके कटवाकर घर ले जा रहा था, तभी हादसा हो गया।
बिजनौर के रेहड़ा गांव निवासी महेश की पत्नी कमलेश कैंसर से पीड़ित हैं। उनका एसआरएमएस से इलाज चल रहा है। कुछ दिन पहले कमलेश का ऑपरेशन हुआ था। शुक्रवार को उन्हें टांके काटने के लिए बुलाया गया था। महेश टांके कटवाने के बाद कार से कमलेश को लेकर घर लौट रहे थे। साथ में दामाद परवेंद्र और ड्राइवर वसीम थे। परवेंद्र के मुताबिक बड़ा बाईपास पर अचानक कार पलट गई। हादसे में उनके ससुर महेश की मौत हो गई। सास कमलेश और ड्राइवर वसीम गंभीर रुप से घायल हो गए। उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।