बरेली। सुभाष नगर थाना क्षेत्र में एक महिला की शिकायत पर यूपी 100 ने उसके पति को हवालात में डाल दिया। पूछताछ में पता लगा कि वो रिटायर्ड दरोगा का बेटा और टीएसआई का भाई है, जो लव मैरिज के बाद पत्नी के साथ अलग रह रहा है। शादी के 14 साल हो चुके हैं और दो बेटे भी हैं। बताया कि पत्नी हर वक्त फेसबुक और सोशल मीडिया पर बिजी रहती है। इनमें से कई अंजान पुरुष मित्रों से उसकी चेटिंग होती रहती है। पति ने उन पुरुष मित्रों से उसी आईडी से पूछताछ की तो उन्होंने उसकी पत्नी से शिकायत कर दी। पत्नी ने झगड़ा करके यूपी 100 को कॉल कर दी।
बड़े घर से ताल्लुक रखने वाला शख्स अब ड्राइवरी करके परिवार पालता है। खाली वक्त में वो ठेलों पर लगाने वाली बैट्री की चार्जिंग का काम करता है। परिवार की इच्छा के विरुद्ध जाकर प्रेमविवाह कर लिया था। शादी के कुछ समय तक सब ठीक रहा। पत्नी का स्वभाव उग्र रहा, जिससे बचीखुची रिश्तेदारियां भी खत्म हो गईं। कुछ साल से वो फेसबुक पर इस कदर बिजी हैं कि घर के तमाम काम पड़े रहते हैं। जब ज्यादा टोकते हैं तो कभी मोबाइल तो कभी कोड बदल लेती हैं। शुक्रवार शाम उनकी पत्नी के फेसबुक फ्रेंड से चैटिंग के दौरान बहस हो गई। वो बोला कि मैं अभी तुम्हारी खबर लेता हूं। थोड़ी देर में पत्नी ने बवाल शुरू कर दिया। एक बेटे को इसलिए पीटा कि उसने मोबाइल का बदला हुआ कोड उसे बता दिया था। इंस्पेक्टर हरिश्चंद्र जोशी ने बताया कि परिवार में किस बात को लेकर खटपट हुई, इससे पुलिस को मतलब नहीं है। झगड़े की सूचना मिली थी, वे आरोपी को शांतिभंग में निरुद्ध करके कोर्ट भेजेंगे।