एएसपी अशोक कुमार मीणा ने बृहस्पतिवार देर रात थाना बारादरी के श्यामगंज और जोगीनवादा चौकी क्षेत्र में छापेमारी कर दर्जन भर सटोरियों को गिरफ्तार कर 50 हजार रुपये बरामद किए। इधर, क्षेत्र में सट्टा संचालित होने को लेकर एसएसपी मुनिराज जी. ने जांच के निर्देश दिए हैं।
सट्टे की सूचना पर बृहस्पतिवार देर रात एएसपी अशोक मीणा ने श्यामगंज चौकी क्षेत्र के गंगापुर में कुलदीप के मकान में छापेमारी की। यहां से हजियापुर का तौसीफ, कालीबाड़ी का संजय लोधी, संजयनगर का शिवम और गंगापुर का गोपाल, मनोज लोधी, पिंकू तथा गरीब दास को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 34 हजार रुपये और दो मोबाइल बरामद हुए। इसके बाद टीम ने जोगीनवादा चौकी क्षेत्र में दो जगह छापेमारी की। एक स्थान से जोगीनवादा निवासी अफजाल, नावेद, फखरुद्दीन को गिरफ्तार कर 4360 रुपये और तीन मोबाइल बरामद किए। दूसरे स्थान से जोगीनवादा अल्ताफ उर्फ राजू और यूनुस को गिरफ्तार कर 11204 रुपये तथा एक मोबाइल बरामद किया है। दोनों चौकी क्षेत्र में सट्टा होने और चौकी इंचार्ज के कार्रवाई न करने को लेकर एसएसपी मुनिराज जी. ने जांच के निर्देश दिए हैं। बता दें कि श्यामगंज में चार दिन पहले ही एसआई राकेश सिंह को चौकी इंचार्ज की जिम्मेदारी मिली है लेकिन जोगीनवादा चौकी इंचार्ज प्रवीण सिंह बेनीवाल लंबे समय से तैनात हैं।
जिन क्षेत्रों में एएसपी ने सट्टा पकड़ा है, वहां के चौकी इंचार्ज इसके लिए जिम्मेदार हैं। उनकी भूमिका की जांच कराई जा रही है। कार्रवाई की जाएगी। - मुनिराज जी., एसएसपी