बरेली। प्रधानमंत्री का काफिला निकलने से पहले पिकअप गाड़ी लेकर भाग रहे व्यक्ति को रोकने पर उसने एक सिपाही पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया था। थाने लाकर उससे पूछताछ की गई तो वह जिला पीलीभीत का पुराना आरोपी निकला। पुलिस ने उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर रविवार को उसे जेल भेज दिया।
इज्जतनगर क्षेत्र में पीलीभीत बाईपास पर प्रधानमंत्री का काफिला निकलने के लिए सुरक्षा व्यवस्था बनाते वक्त एक व्यक्ति पिकअप गाड़ी लेकर अचानक बैरियर टू की तरफ से उल्टी साइड पर गाड़ी लेकर भागने लगा था। मौके पर मौजूद फोर्स ने उसे पकड़ा तो उसने गाड़ी में रखा बांका निकलकर उन पर जानलेवा हमला कर दिया था। जिसमें सिपाही राजेश कुमार घायल हो गए थे। गाड़ी में आरोपी के साथ उसकी तीन साल की बेटी भी थी। परिजनों से संपर्क कर बेटी को रात ही उनके हवाले कर दिया गया था। पूछताछ में उसने अपना नाम पीलीभीत के कल्याणपुर निवासी दरबारी लाल बताया। पुलिस के मुताबिक पीलीभीत के जहानाबाद थाने में उसके खिलाफ कई मामले भी दर्ज हैं।