बरेली। शराब पीने के लिए रुपये मांगने पर मां ने डांटकर मना कर दिया तो एक युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। काफी देर हलचल न होने पर परिजनों ने दरवाजा तोड़ा तो युवक को फंदे से लटकता पाया।
सुभाषनगर क्षेत्र के मोहल्ला प्रहलाद नगर निवासी 28 वर्षीय शिव प्रताप नौकरी न होने के कारण परेशान थे। उनके बड़े भाई विजय प्रताप ने बताया कि गलत संगत में पड़कर शराब के भी आदी हो गए थे। कुछ कमाई न होने के चलते लड़ झगड़ कर मां से रुपये लेते थे। सोमवार देर रात वह शराब पीने के लिए मां से रुपये मांगने लगे। मां के मना करने पर लड़ने लगे और कमरे में खुद को बंद कर लिया। देर रात तक जब कमरे में कोई हलचल नहीं हुई तो परिजनों ने दरवाजा खुलवाने की कोशिश की। नहीं खुलने पर तोड़कर अंदर घुसे तो शिव प्रताप को फंदे पर लटकता देखा। मां ने पुलिस को उनके खुदकुशी कर लेने की सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाश को पीएम के लिए भिजवाया। फिलहाल पुलिस जांच कर रही है।