सिविल लाइन के एक होटल से छात्रा अगवा कराने का प्रकरण शांत भी नहीं हुआ कि बहेड़ी बार्डर के एक होटल में सिपाही और उसके दोस्त को दो युवतियों के साथ उनके परिवार के लोगों ने ही पकड़कर खूब हंगामा किया। आरोप है कि होटल के स्टाफ के साथ मारपीट भी की गई। सिपाही के खिलाफ बहेड़ी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने की धमकी देकर लड़की के परिवार के लोग होटल से चले, लेकिन हाईवे के एक पेट्रोल पंप पर सिपाही, उसके दोस्त ने युवतियों के परिवार वालों को बैठा लिया। वहां केस दर्ज नहीं कराने की शर्त पर ढाई लाख रुपये में सौदा हुआ। सिपाही ने मौके पर ही एक लाख रुपये की व्यवस्था करके लड़की के परिवार के लोगों को दिए। तब जाकर मामला शांत हुआ।
शेरगढ़ थाने में तैनात एक सिपाही ने अपने दोस्त के साथ दो युवतियों को लेकर उत्तराखंड के पुलभट्टा थानाक्षेत्र में एक होटल में पहुंचा था। दोनों युवतियां भी शेरगढ़ थानाक्षेत्र के ही एक गांव की थीं। युवतियों के परिवार के लोगों को एक अंजान फोन कॉल से पूरी बात पता चली। इसके बाद शनिवार शाम करीब पांच बजे गाड़ियों से होटल पहुंच गए। वहां सिपाही, उसके दोस्त को दोनों युवतियों के साथ कमरे में ही दबोच लिया। मौके पर ही हंगामा शुरू हो गया। सिपाही किसी भी हाल में मामला शेरगढ़ तक नहीं पहुंचने देना चाहता था। लिहाजा हाईवे के एक पेट्रोल पंप पर ही बैठकर दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ।