गरीबों को मुफ्त में गैस कनेक्शन दिलाने के नाम पर शहर -गांव की मलिन बस्तियों के भोले भाले लोगों को मुफ्त के गैस कनेक्शन दिलाने का लालच देकर 500 - 500 रुपये ठग रहे हैं। मीरगंज में लोेगों से 500-500 रुपये ठगने वाले छह लोग शुक्रवार को पुलिस के हाथ चढ़ गए। इन सभी को गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज किया गया है। जिले के अन्य स्थानों से ऐसे ठगों को पकड़ने के लिए पुलिस की खुफिया टीम लगी हुई है।
जय माता दी गैस सर्विस एजेंसी के संचालक गोपाल कृष्ण गंगवार को कई दिनों से वसूली की शिकायत मिल रही थी। उन्होंने एजेंसी के कर्मचारी रमेश कुर्मी, रंजीत सिंह, सचिन गुप्ता, सूरजपाल, हरनंदन, प्रदीप की टीम को शुक्रवार शाम तीन बजे सैजना गांव भेजा। टीम ने गांव में मुफ्त एलपीजी कनेक्शन दिलाने के नाम पर लोगों से 500-500 रुपये वसूल रहे छह लोगों को मौके पर ही पकड़ लिया। इनमें फतेहगंज पश्चिमी के वार्ड एक नौगवां के विनोद कुमार, मीरापुर के मो. सलीम, मो. फारुख, सत्येंद्र गंगवार, रिजवान खां और अभिषेक शामिल हैं। कई और लोग मोटरसाइकिलों से फरार हो गए। ठगों के कब्जे से 10 भरे हुए और 25 कोरे आवेदन प्रपत्र, वसूली गई रकम, फर्जी आईकार्ड, पेड और एक मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है।
बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के नाम पर सैंजना, परौरा समेत मीरगंज के दर्जनों गांवों में ग्रामीणों से फार्म भरवाकर 500-500 रुपये ऐंठने का खेल पिछले कई दिनों से चल रहा था। एसओ ने बताया कि पकड़े गए इन छह लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और अन्य संगीन दफाओं में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है।
2010-11 में आर्थिक सर्वे के आधार पर जो नाम शामिल किए गए हैं। उन्हीं को इस योजना में नि: शुल्क मिलेगा। साथ में यह भी शर्त है कि उस परिवार के पास पूर्व में कोई भी गैस कनेक्शन न हो। संबंधित परिवार के 18 साल की आयु के लोगों को अपना आधार की फोटो स्टेट देनी होगी। राशन कार्ड तथा अन्य आईडी प्रूफ भी जमा करना होगा। केएल तिवारी, जिला पूर्ति अधिकारी
‘लोग इधर उधर न भटकें। निर्धारित फार्म एजेंसी से ले सकते हैं। जिनका नाम आर्थिक रजिस्टर में नहीं है, वह भी फार्म जमा कर सकते हैं। उनके बारे में शासन के नए निर्देश के बाद ही विचार होगा, दलालों से बचें।’ रंजना सोलंकी, अध्यक्ष एलपीजी गैस एसोसिएशन,