बरेली। कैंट के गांव मोहनपुर में रविवार सुबह लग्जरी कार से पहुंचे कुछ ठग अलग-अलग घरों में घुस गए। अधिकांश घरों में महिलाएं ही थीं। उन्हें बातों में फंसाया और जरूरत बताकर रुपये ठगकर निकल लिए।
गांव वालों के मुताबिक रविवार सुबह अलग-अलग घरों में घुसे ठगों ने खुद को दूर का रिश्तेदार बताया। कहा, पास के गांव में शादी में आए हैं। महिलाओं ने भरोसे में आकर इन्हें नाश्ता कराया। फिर ये लोग महिलाओं से गाड़ी में पेट्रोल व अन्य जरूरत बताकर रुपये लेकर निकल गए। इनके जाने के बाद जब महिलाओं में बातचीत हुई तो इस ठगी का अहसास हुआ। ये लोग किसी से दो सौ, किसी से पांच सौ तो किसी से आठ सौ रुपये ठग ले गए। परिवार के बुजुर्ग लोगों ने महिलाओं को काफी फटकारा। मगर इस मामले में अब तक किसी ने भी कैंट थाने में तहरीर नहीं दी है। इंस्पेक्टर कैंट ने बताया कि कोई शिकायत मिलेगी तो कार्रवाई करेंगे।