बरेली। धार्मिक पुस्तक को जलाने का भावनाएं भड़काने वाला वीडियो फेसबुक पर डालने वाली महिला के खिलाफ थाना सीबीगंज में रिपोर्ट दर्ज हुई है। रजा एक्शन कमेटी के शिष्टमंडल ने थाने जाकर महिला की गिरफ्तारी की मांग की, कहा कि कार्रवाई न होने पर अधिकारियों से मिलकर शिकायत करेंगे।
फेसबुक पर इस्लाम के खिलाफ टिप्पणी करने और अशोभनीय फोटो डालने में सीबीगंज के समीर रजा ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। समीर का कहना है कि गुजरात के राजकोट की महिला सोनू डांगर का सोनू हिंदुस्तानी के नाम से फेसबुक अकाउंट है। 28 फरवरी को उसने फेसबुक पर एक वीडियो लोड की जिसमें धार्मिक पुस्तक को जलाते हुए दिखाया गया। एक समुदाय के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी भी की हैं। इससे एक समुदाय की भावनाएं आहत हुई हैं जिसको बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आल इंडिया रजा एक्शन कमेटी की बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना अदनान रजा खान ने सोनू डांगर के खिलाफ उच्चाधिकारियों से कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि इस्लाम के खिलाफ गुस्ताखी करके देश की अमन को खराब करने की कोशिश की गई है। बैठक में अब्दुल हलीम, जीशान मिर्जा, समीर रजा, शाहरुख, उस्मान, सद्दाम समेत सैकड़ों लोग उपस्थित थे।