फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

डॉन और माफिया पर बरेली में भी न हो जाए हमला, सिक्योरिटी बढ़ाई

Tue, 10 Jul 2018 12:49 AM IST
न्यूज डेस्क,अमर उजाला,बरेली
विज्ञापन
जेल
विज्ञापन
बागपत जेल में डॉन प्रेमप्रकाश उर्फ मुन्ना बजरंगी की गोली मारकर हत्या के बाद बरेली रेंज की जेलों में भी अलर्ट घोषित कर दिया गया है। यहां स्टाफ की कमी से जूझ रही जेलों की सुरक्षा व्यवस्था में सेंधमारी की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता है। 27 दिन पहले बदायूं जिला जेल में पिस्टल पहुंचने के बाद मुरादाबाद का बदमाश सुमित भाग निकला था, जबकि पूर्वांचल का माफिया चंदन दीवार से गिरने के कारण पकड़ा गया था। अधिकारियों के पास इसका जवाब नहीं था कि बदायूं जेल में पिस्टल और रस्सी कैसे पहुंची।
विज्ञापन

अब डीआईजी जेल शशि श्रीवास्तव ने रेंज की सभी जेलों में मुलाकाती और जेल स्टाफ की तलाशी को ज्यादा सख्ती से कराने के निर्देश दिए हैं। जेल स्टाफ के ड्यूटी पर इन और आउट के दौरान रजिस्टर में दर्ज कारण का सत्यापन भी कराया जाएगा। ताकि गड़बड़ी की आशंका न रहे। सेंट्रल जेल के प्रभारी अधीक्षक अशोक सागर ने बताया कि डॉन, माफिया और आतंकियों की बैरकों की सुरक्षा पहले से ही बढ़ी हुई है। चूक की गुंजाइश नहीं छोड़ी गई है।

नौ आतंकी, मॉफिया और डॉन हाई सिक्योरिटी में
डॉन बबलू श्रीवास्तव, उसके साथी मंजीत उर्फ मांगे और सैनी को हाई सिक्योरिटी जोन की बैरक में रखा गया है। इनके अतिरिक्त सीआरपीएफ कैंप पर हमले के आरोपी मोहम्मद फारुख, गुलाब खां, कौसर खां, मोहम्मद शरीफ और जंग बहादुर भी इसी जोन की बैरक में है। वहीं फिरोजाबाद जेल से शिफ्ट हुए माफिया अशोक दीक्षित को भी हाई सिक्योरिटी जोन में रखा गया है।
विज्ञापन


जेल के अंदर भिड़ते रहे हैं कैदी
मुजफ्फरनगर जेल से आदेश, मरगूब और अनिल, सुल्तानपुर जेल से उदयभान सिंह उर्फ बबलू, पूर्वाचंल का माफिया ध्रुव कुमार सिंह भी सेंट्रल जेल में बंद हैं। इनकी सुरक्षा भी जेल के अंदर बढ़ाई गई है। सेंट्रल जेल में कैदियों के खुदकुशी करने और मारपीट के मामले सामने आते रहे हैं। यहां कुछ महीने पहले आजीवन कारावास के कैदी कल्याण का शव पेड़ से लटका मिला था। कुछ महीने पहले जेल में कैदियों ने भूख हड़ताल भी कर दी थी।

स्टाफ की कमी से जूझ रही जेल
सेंट्रल जेल के अधीक्षक पीएन पांडेय का लखनऊ ट्रांसफर होने के बाद से यह पद खाली है। यहां 2145 कैदियों पर दो जेलर, चार डिप्टी जेलर और 84 बंदी रक्षक हैं। ऐसा ही हाल जिला जेल का है। जिला जेल में दो जेलर, चार डिप्टी जेलर और 57 बंदी रक्षक के पद खाली हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें