बिशारतगंज। पोस्टमार्टम के मुताबिक दसीपुर गांव में छात्र दीपक की हत्या गला दबाकर ही की गई थी। मृतक के पिता ने होमगार्ड के बेटों समेत तीन लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है। इसके पीछे पुरानी रंजिश को वजह बताया है।
दसीपुर निवासी विक्रम सिंह यादव का बेटा 15 वर्षीय दीपक बिशारतगंज के निजी इंटर कॉलेज में सातवीं का छात्र था। होली वाले दिन रात आठ बजे वह गांव से लापता हो गया। दीपक के न लौटने पर परिजनों ने उसे तलाश किया लेकिन कामयाबी न मिलने पर शुक्रवार को गुमशुदगी दर्ज करा दी। शनिवार शाम दीपक का शव गांव से एक किमी दूर छोटे सिंह के गेहूं के खेत में मिला। पुलिस ने अज्ञात में दर्ज अपहरण के मामले को हत्या कर शव छुपाने की धाराएं भी बढ़ा दीं। रविवार को विक्रम सिंह तहरीर देकर गांव के ही होमगार्ड नन्हें यादव के पुत्र कुलदीप व विजनेश उर्फ बिन्ना और तेजपाल उर्फ बड्डा पुत्र अंगनलाल पर बेटे की हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने तीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। आरोप लगाया कि इन लोगों से उनकी कई बार मारपीट हो चुकी थी। रंजिश के चलते उनके बेटे को मार डाला। बच्चे के शव की हालत देखकर कुकर्म की कोशिश में हत्या का अंदेशा भी जताया था लेकिन पोस्टमार्टम में इसकी पुष्टि नहीं हुई। प्रभारी निरीक्षक शोएब मियां ने बताया कि पुलिस आरोपियों की तलाश के साथ ही कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। मोबाइल भी सर्विलांस पर लगाकर डाटा खंगाला जाएगा।