कोतवाली में शराब पीकर भिड़े दरोगाओं पर गाज गिरनी तय है। एसएसपी कलानिधि नैथानी ने सीओ द्वितीय अशोक मीना को विभागीय जांच सौंप दी है। उन्होंने बताया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दोनों दरोगाओं के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इधर, सीओ द्वितीय मंगलवार तक छुट्टी पर चले गए हैं। उनके लौटने पर ही मामले की जांच हो पाएगी।
कोतवाली में बुधवार देर रात पूर्व एसएसआई और एक दरोगा ने पहले साथ बैठकर शराब पी फिर दोनों में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर धक्का-मुक्की और गालीगलौज होने लगी। सिपाहियों ने दोनों को अलग करने की कोशिश की तो सिपाहियों से भी अभद्रता कर दी। कोतवाली के एक सिपाही ने मोबाइल से तस्वीरें लेकर एसएसपी के व्हाट्सऐप ग्रुप पर पोस्ट कर दीं। सिपाहियों ने ही मौके पर मिली शराब की खाली बोतल और गिलास अपने कब्जे में ले लिए। एसएसपी ने तस्वीर देखने के बाद बृहस्पतिवार को कोतवाली इंस्पेक्टर से नाराजगी जाहिर की। मामले की जांच सीओ द्वितीय अशोक मीना को सौंप दी।