चौबीस घंटे में कांकरटोला में माहौर धर्मशाला के पास दो घरों के ताले तोड़कर चोरों ने हजारों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर लिया। परिवार की तहरीर पर बारादरी थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई।
बारादरी थाने के ठीक सामने गुप्ता पान भंडार के मालिक रमेश चंद्र गुप्ता बृहस्पतिवार को जलालाबाद में अपनी बहन की लड़की की शादी में शामिल होने के लिए गए थे। शुक्रवार रात में उनके घर के ताले तोड़कर चोर अंदर घुस गए। करीब 71 हजार नगद, जेवर, बच्चों की गुल्लक, सिलिंडर सहित सामान चोरी हो गया। पुलिस को बदमाशों का एक चाकू भी मिला है। पड़ोसियों से मिली सूचना पर वापस लौटे परिवार ने पुलिस को तहरीर सौंपी है।
यहां से चार घर छोड़कर पशु चारा बनाने वाली फैक्ट्री के मालिक विपिन शर्मा के एक मकान में किरायेदार रहते थे। दस दिन पहले उन्होंने दूसरी जगह शिफ्ट किया। चोर इस मकान के ताले तोड़कर अंदर घुस गये। उन्होंने किरायेदार के बचे हुए सामान में म्यूजिक सिस्टम, सिलिंडर पर हाथ साफ कर दिया। चौबीस घंटे में दो चोरियों के बाद एरिया के लोगों में आक्रोश है।