काशीपुर में कचनालगाजी कुमाऊं कॉलोनी निवासी एक युवक ने कॉलोनी के ही तीन युवकों के खिलाफ मारपीट और लूटपाट की तहरीर दी है। तहरीर में अजय ने कहा है कि वह रामनगर रोड स्थित एक फैक्ट्री में ड्यूटी करता है। शनिवार सुबह आठ बजे वह घर से ड्यूटी जाने के लिए निकला था। रास्ते में कालोनी के तीन युवकों ने उससे मोबाइल छीनकर तोड़ दिया। इन युवकों ने मारपीट करते हुए उससे 800 रुपये की नकदी भी छीन ली। इसके बाद उक्त युवक उसके हाथ पैर पकड़कर उसे रेलवे ट्रैक पर डालने के लिए ले जाने लगे। किसी तरह उनके चंगुल से छूटकर वह अपने मामा सुरेश के घर पहुंचा। आरोपी वहां भी आ धमके। इन लोगों ने उसके और उसके मामा के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। अजय ने आरोपियों से खुद की जान को खतरा बताते हुए सुरक्षा की गुहार लगाई है।