उझानी/ बरेली। बदायूं जिला निवासी बीटेक छात्र ने बारादरी क्षेत्र में किराए के कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। इससे पहले उसने फेसबुक अकाउंट से शादीशुदा प्रेमिका संग अश्लील फोटो वायरल कर दिए गए। इससे नाराज लड़की वालों ने उझानी कोतवाली में रिपोर्ट कराई है। यहां लड़की पक्ष के खिलाफ हत्या की साजिश में तहरीर दी गई है। पोस्टमार्टम में हैंगिंग आने से आत्महत्या का दावा मजबूत हुआ है।
उझानी का 21 वर्षीय सुमित रुहेलखंड विवि में बीटेक मैकेनिकल थर्ड ईयर का छात्र था। वह पशुपति विहार कॉलोनी में ललित गंगवार के घर में तीसरी मंजिल के कमरे में रहता था। चचेरा भाई गौरव और फुफेरा आशीष मंगलवार सुबह नौ बजे आए तो उसका शव कमरे में पंखे से लुंगी के सहारे लटका मिला। कमरे का दरवाजा भी आधा खुला था। सूचना पर परिवार के बाकी लोग और जगतपुर चौकी प्रभारी अशोक सिंह आ गए। सुमित के फेसबुक अकाउंट पर तड़के ही उझानी निवासी शादीशुदा प्रेमिका के साथ उसके अश्लील फोटो पोस्ट किए गए थे। सुबह सात बजे प्रेमिका के घरवालों ने उझानी में उसके घर जाकर नाराजगी जताई और बाद में उझानी कोतवाली में सुमित पर आईटी एक्ट के तहत रिपोर्ट करा दी। उसके पिता, चाचा और भाई भी घर में घुसकर मारपीट के आरोपी बनाए गए हैं। इधर, छात्र के भाई सुधीर ने लड़की पक्ष के खिलाफ बारादरी थाने में तहरीर दी। बताया कि सुबह जब ये लोग हमला करने उनके घर आए तो उन्होंने सुमित को कॉल की। कॉल रिसीव न होने पर गौरव को बरेली भेजा तो घटना का पता लगा। कहा कि साजिशन हत्या की गई है। सीओ थर्ड पीपी सिंह ने बताया कि तहरीर की जांच की जा रही है। मामला आत्महत्या का ही है। फिर भी किसी का दोष मिलेगा तो गिरफ्तारी करेंगे।