बरेली। इस्लामिया इंटर कॉलेज मामले में प्रबंधक और शिक्षकों गुटों ने एक दूसरे के खिलाफ मोर्चा खोलकर कोतवाली में रिपोर्ट करा रखी है। मंगलवार को कई शिक्षक एडीजी से मिले और आरोप लगाया कि प्रबंधक उन लोगों का उत्पीड़न कर रहे हैं। एडीजी ने कोतवाल से फाइल तलब कर अपने पीआरओ को जांच सौंप दी। कहा कि उनकी रिपोर्ट पर ही आगे कार्रवाई होगी।
शिक्षक विनीत ठाकुर, तौकीर, सनबर, शाहिद रजा, हसन दानिश, केपी सिंह आदि ने बुधवार दोपहर बाद एडीजी अविनाश चंद्र को ज्ञापन सौंपकर प्रबंधक मोहम्मद ईसार अहमद पर गंभीर आरोप लगाए। कहा कि उनके खिलाफ पिछले साल पद के दुरुपयोग और वित्तीय अनियमितता में डीआईओएस के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। इसके बाद से ही वह लगातार शिक्षकों और कर्मचारियों का उत्पीड़न कर रहे हैं। पिछले दिनों लिपिक खलील अहमद को धमकाया गया। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। खलील की पत्नी की ओर से प्रबंधक आदि के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज है। इसके बाद भी प्रबंधक का रवैया नहीं बदला है। आरोप लगाया कि वे उन कर्मचारियों को ज्यादा धमका रहे हैं जिनका रिटायरमेंट नजदीक है। उनसे अलग से धन की मांग की जा रही है। इन शिक्षकों ने प्रबंधक के कोप से बचाने की मांग की। एडीजी ने पीआरओ विप्लव शर्मा को निर्देश दिए कि वह खुद पूरे प्रकरण की जांच कर उन्हें रिपोर्ट सौंपें।