बरेली। बदायूं स्थित बड़े सरकार की दरगाह से जियारत करके लौट रहे कार सवार तीन परिवारों को कैंट क्षेत्र में चार हथियारबंद लुटेरों ने लूट लिया। रेलवे क्रासिंग बंद होने का फायदा उठाकर लुटेरे कार को कच्चे रास्ते पर ले गए और फिर जायरीन से नकदी, मोबाइल, जेवर लूट लिए। कैं ट थाने में अज्ञात लुटेरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
फतेहगंज पश्चिमी के गांव अगरास निवासी कपड़ा व्यापारी समीर अहमद के बेटे फईम और उनके साले फुरकान तथा चंदा बाबू अपने परिवार के साथ कार से शनिवार सुबह बदायूं स्थित बड़े सरकार की दरगाह पर जियारत करने गए थे। रात में करीब 11 बजे दरगाह से लौटते वक्त कैंट क्षेत्र में महेशपुरा क्रासिंग बंद मिली तो इन लोगों ने अपनी कार करेली क्रासिंग की तरफ मोड़ दी, लेकिन करेली क्रासिंग भी बंद थी। इस पर ये लोग क्रासिंग खुलने का इंतजार करने लगे, तभी चार बदमाशों ने कार घेर ली। बदमाशों के हाथ में तमंचे थे और उन्होंने मुंह ढक रखा था। बदमाश कार को कच्चे रास्ते पर ले गए, फिर कार मेें सवार पांच महिलाओं समेत सभी को लूट लिया। फईम के मुताबिक लुटेरों ने उनसे दो मोबाइल, 10 हजार रुपये और महिलाओं से ढाई लाख रुपये के जेवर लूट लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने इन लोगों की पिटाई भी की। कैंट इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह ने बताया कि आसपास इलाके के संदिग्धों की धरपकड़ की जा रही है।