महिला सिपाही ने आरोपी के सुपुर्द कर दी दुष्कर्म पीड़िता
50 हजार रुपये के लिए धमकाने का भी आरोप, एसएसपी से शिकायत
बरेली। महिला थाने की एक सिपाही पर दुष्कर्म की शिकार युवती ने गंभीर आरोप लगाए हैं। एसएसपी से की शिकायत में युवती ने कहा कि महिला सिपाही ने 50 हजार रुपये की खातिर उसे दुष्कर्म के आरोपी के सुपुर्द कर दिया।
कटरा चांद खां इलाके की युवती के मुताबिक सतीपुर के एक युवक ने शादी का झांसा देकर उसके साथ दुराचार किया था। बाद में तमंचा दिखाकर अश्लील वीडियो भी तैयार कर लिया। डर के मारे उसने यह बात किसी को नहीं बताई। 10 फरवरी को एक महिला सादा कपड़ों में उसके पास आई और खुद को महिला थाने में तैनात सिपाही बताकर आरोपी युवक के घर ले गई। वहां युवक के परिवार वाले उसके ऊपर हमलावर हो गए। आरोप है कि महिला सिपाही ने उसका वीडियो बना लिया और एक सुसाइड नोट पर अंगूठा लगवा लिया। इसके बदले महिला सिपाही ने आरोपी युवक से 50 हजार रुपये लिए। महिला सिपाही अब कहीं भी शिकायत करने पर हत्या करा देने की धमकी दे रही है।